अक्सर परिवार के साथ खाने की थाली में स्वाद पर चर्चा होती है, लेकिन खाने की गुणवत्ता और सुरक्षा उससे बहुत पहले तय हो जाती है। सही सामग्री चुनना, उसे ठीक तरह से स्टोर करना, रसोई को साफ रखना और बचे हुए खाने को सुरक्षित रखना जैसी छोटी आदतें ही परिवार को सेहतमंद बनाती हैं। एक्सॉनमोबिल की एक पहल के जरिए यह संदेश सामने लाया गया है कि रसोई के समझदारी भरे फैसले परिवार की सेहत की रक्षा करते हैं। भोजन की सुरक्षा चूल्हा जलाने से नहीं, बल्कि बाजार से सामान खरीदने से ही शुरू हो जाती है।
राशन खरीदते समय कीमत, ताजगी और पोषण के साथ पैक्ड सामान की स्थिति पर भी ध्यान देना जरूरी है। पैकिंग फटी या टूटी न हो, सील से छेड़छाड़ न हुई हो और एक्सपायरी डेट समय सीमा के अंदर हो, यह जांचना चाहिए। पैकेट पर लिखे स्टोरेज नियम भी काम आते हैं, खासकर उन चीजों के लिए जिन्हें खरीदने के बाद फ्रीज में रखना जरूरी होता है। घर तक के सफर में भी सावधानी रखनी चाहिए। गर्मी या लंबे सफर के दौरान दूध, मक्खन, मीट जैसी जल्दी खराब होने वाली चीजों को सुरक्षित तापमान में रखना बेहद जरूरी है। ग्रोसरी की खरीदारी ऐसे प्लान करें कि फ्रिज और फ्रीजर में रखे जाने वाले सामान सबसे आखिर में उठाएं और बिना देर किए घर पहुंचते ही उन्हें तुरंत फ्रिज में रख दें।
खाना बनाना सिर्फ रेसिपी फॉलो करने से कहीं ज्यादा है। रोजाना रसोई की साफ-सफाई बैक्टीरिया या गंदगी फैलने का खतरा काफी कम कर सकती है। इनमें से कई आदतें विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के 'फाइव कीज टू सेफर फूड' से मिलती-जुलती हैं, जो खाने को साफ रखने, क्रॉस कंटामिनेशन रोकने, खाने को अच्छी तरह पकाने, सही तापमान पर स्टोर करने और साफ पानी व ताजा सामग्री के इस्तेमाल को बढ़ावा देती हैं। इन्हें कड़े नियमों की तरह न देखकर रोजमर्रा की आसान आदतों में बदला जा सकता है।
खाना परोसने के बाद भी सुरक्षा का ध्यान रखना जरूरी है। बचे हुए खाने को साफ बर्तनों में रखकर तुरंत फ्रिज में रखना चाहिए और खुले हुए पैक्ड सामान को उस पर लिखे निर्देशों के अनुसार स्टोर करना चाहिए। खाने को दोबारा इस्तेमाल से पहले अच्छी तरह गर्म कर लेना चाहिए। ये आदतें खाने की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ उसकी बर्बादी भी कम करती हैं। बाजार में पैकेट की जांच करना, खाना बनाने से पहले हाथ धोना, कच्चे और पके खाने को अलग रखना और बचे खाने को सही तरीके से फ्रिज में स्टोर करना जैसी छोटी बातें ही परिवार की देखभाल का सबसे आसान तरीका हैं।
