पाकिस्तान दौरे पर पहुंचे बांग्लादेश की संसद के स्पीकर हाफिज उद्दीन अहमद ने इस्लामाबाद में भारत विरोधी बयान दिया है। उन्होंने 1971 के मुक्ति युद्ध में भारत की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि भारत ने बंगालियों की मदद नहीं की थी, बल्कि पाकिस्तान को कमजोर करने के मकसद से युद्ध में हिस्सा लिया था। कश्मीर मुद्दे पर भी उन्होंने पाकिस्तान का सुर अपनाया और संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव के अनुसार समाधान पर जोर दिया। पाकिस्तान की धरती से उन्होंने भारत को मुस्लिम विरोधी देश बताया और भारत का नाम लिए बिना कहा कि बांग्लादेश पिछले 15 साल में एक पड़ोसी देश की कॉलोनी बन गया था।

हाफिज उद्दीन बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और 1971 के युद्ध के समय पाकिस्तानी सेना में तैनात थे। उन्होंने पाकिस्तान मिलिट्री एकेडमी से प्रशिक्षण लिया था, जब बांग्लादेश पूर्वी पाकिस्तान कहलाता था। आजादी की लड़ाई शुरू होने के समय उनकी उम्र 27 साल थी। वह जेसोर छावनी में ईस्ट बंगाल रेजीमेंट की पहली बटालियन में तैनात थे।

बांग्लादेशी मीडिया आउटलेट प्रथम आलो को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि सोच-विचार के बाद उन्होंने विद्रोह में शामिल होने का फैसला किया। उन्होंने 200 सैनिकों के साथ इस विद्रोह में हिस्सा लिया और बाद में मुक्ति युद्ध को संगठित करने में मदद की। उन्होंने सैकड़ों छात्रों को मुक्ति सेना में भर्ती कराया, जिन्होंने पाकिस्तानी सैनिकों के खिलाफ लड़ाई लड़ी। इस योगदान के लिए उन्हें बीर बिक्रम वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया गया और वे हाफिज उद्दीन अहमद 'बीर बिक्रम' के नाम से जाने जाते हैं।

उनकी इन टिप्पणियों से ढाका और पाकिस्तान के बीच बढ़ती नजदीकी साफ तौर पर सामने आई है। बांग्लादेश की संसद के स्पीकर के रूप में उनका यह बयान इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि वे खुद 1971 के मुक्ति युद्ध में पाकिस्तान के खिलाफ लड़ चुके हैं।