बांका जिले में तांबा, शीशा और जस्ता सहित अन्य खनिजों के ब्लॉक की ई-नीलामी को राज्य कैबिनेट से मंजूरी मिल गई है। चांदन प्रखंड के पिड़रा मौजा में स्थित इस ब्लॉक की नीलामी प्रक्रिया दिसंबर से शुरू होने की संभावना है। जानकारी के अनुसार पिड़रा क्षेत्र में करीब 250 एकड़ भूमि में तांबा, जस्ता, शीशा सहित कई मूल्यवान खनिज मौजूद हैं। भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) की टीम ने वर्ष 2024 में कटोरिया अंचल के चंदे पट्टी और चांदन के पिड़रा पहाड़ी की तलहटी में सर्वेक्षण कर खनिजों के नमूने एकत्र किए थे। भूगर्भीय सर्वेक्षण के आधार पर चिह्नित जमीन का प्रस्ताव विभाग को भेजा गया था।

चिह्नित करीब 250 एकड़ जमीन में पहले चरण में 76 एकड़ भूमि पर खनन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। इसके लिए रैयती, सरकारी और वन विभाग की जमीन का खेसरा पंजी तैयार किया जा रहा है, जिसके बाद नियमानुसार भू-अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होगी। अंचल अधिकारी चांदन प्रशांत शांडिल्य के अनुसार 76 एकड़ जमीन पर खनन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी, जिसमें करीब 50 घरों के विस्थापित होने की संभावना है। खनिजों की पर्याप्त उपलब्धता और खनन की संभावनाओं के आधार पर आगे शेष क्षेत्र में भी कार्य का विस्तार हो सकता है।

डॉ. चिरंजीव ने कहा कि इससे लंबे समय से विकास की बाट जोह रहे इस इलाके में उद्योग और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद जगी है। खनिज संपदा के दोहन से क्षेत्र में खनन आधारित उद्योग, स्थानीय रोजगार और सड़क-बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पड़ोसी जिला मुंगेर के तारापुर से जुड़ाव होने के कारण भी क्षेत्र के लोग इस फैसले को बांका के लिए महत्वपूर्ण मान रहे हैं। स्थानीय स्तर पर इसे जिले के विकास को नई गति देने वाली पहल के रूप में देखा जा रहा है।