बाराबंकी के रामनगर स्थित बिलखिया देवसानी गन्ना तौल केंद्र पिछले तीन दिनों से ठप है, जिससे गन्ना तौल कराने पहुंचे किसान परेशान हैं। केंद्र पर गन्ने से लदी करीब 36 ट्रालियां खड़ी हैं और किसान दिन-रात तौल का इंतजार कर रहे हैं। यहां से गन्ना ट्रकों में लोड होकर हैदरगढ़ चीनी मिल भेजा जाता है, लेकिन ट्रक न पहुंचने से तौल का काम बंद पड़ा है। किसानों का कहना है कि पिछले तीन दिनों में केंद्र पर केवल एक ट्रक ही पहुंचा है।
कटहरी निवासी सुंदर सिंह, सैदनपुर निवासी परागी, सेमराय निवासी राणा प्रताप सिंह, अमन सिंह और रामशंकर समेत अन्य किसानों के मुताबिक, 24 घंटे में एक कुंतल गन्ने का वजन करीब 5 से 7 किलो तक कम हो रहा है। ऐसे में तौल में देरी से उन्हें उपज के वजन में कमी के रूप में आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। किसानों ने बताया कि खेतों में खड़ा गन्ना भी सूखने लगा है।
किसानों की चिंता सिर्फ वजन घटने तक सीमित नहीं है। उनके मुताबिक, गन्ना पर्ची पर तय तारीख या समय तक तौल केंद्र नहीं पहुंचने पर पर्ची निरस्त होने का भी खतरा रहता है, जिससे दोबारा आवेदन करना पड़ता है। किसानों का आरोप है कि खाद, बीज, सिंचाई और मजदूरी पर खर्च लगातार बढ़ रहा है, और समय से तौल न होने से परेशानी और बढ़ गई है।
किसानों ने संबंधित अधिकारियों से जल्द पर्याप्त ट्रकों की व्यवस्था कराने और तौल सुचारु रूप से शुरू कराने की मांग की है। साथ ही प्रशासन से हस्तक्षेप कर कार्रवाई की मांग भी की गई है।
