बाराबंकी में राज्य पशुधन मिशन के तहत ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मुर्गी पालन की विशेष व्यवस्था की गई है। इस योजना में महिला स्वयं सहायता समूहों को एक हजार लो-इनपुट लेयर पक्षियों की इकाई स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। मॉडल इस तरह तैयार किया गया है कि प्रत्येक सदस्य को 50 पक्षियों की इकाई से जोड़ा जाए, जिससे महिलाएं घर के पास ही अंडा उत्पादन से जुड़कर नियमित आय कमा सकें।

ग्रामीण और व्यावसायिक कुक्कुट उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए योजना में अलग-अलग गतिविधियां शामिल की गई हैं। इनमें पांच हजार पक्षियों की क्षमता वाली ब्रायलर इकाई, महिला समूहों के लिए एक हजार पक्षियों की लो-इनपुट लेयर इकाई और एक हजार देसी मुर्गियों की इकाई शामिल है। देसी मुर्गी पालन में कम लागत में अधिक लाभ की संभावना बताई गई है, क्योंकि बाजार में देसी अंडे और मांस की मांग अच्छी है।

पशु चिकित्सा अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को अंडा और मांस उत्पादन से जोड़कर अतिरिक्त आय का स्रोत तैयार करना है। महिला समूहों के माध्यम से उत्पादन को संगठित करने और बाजार तक पहुंच बढ़ाने पर भी जोर दिया गया है। समूहों के जरिए महिलाएं चारा, दवा, टीकाकरण और विपणन में एक-दूसरे की मदद कर सकेंगी।

योजना में जापानी बटेर, गिनी फाउल, बतख और टर्की पालन भी शामिल है। बटेर और गिनी फाउल के लिए दो-दो हजार, बतख के लिए एक हजार और टर्की के लिए दो हजार पक्षियों की न्यूनतम इकाई निर्धारित है।