बरेली जिले के 300 बेड अस्पताल में मरीजों को खराब अवस्था वाली बी-काम्प्लेक्स टैबलेट दी जा रही हैं, जो स्ट्रिप से निकालते ही चूरन की तरह बिखर जाती है। मरीजों का कहना है कि उन्होंने कई बार दवा काउंटर और संबंधित स्टाफ को शिकायत दी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ और खराब टैबलेट का वितरण जारी है। इससे दवा की गुणवत्ता और अस्पताल की दवा वितरण व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
अस्पताल में खांसी की शिकायत लेकर पहुंच रहे मरीजों को दवा काउंटर से सिरप नहीं मिल पा रहा है। उन्हें जनऔषधि केंद्र या बाहर की मेडिकल स्टोर से दवा खरीदने के लिए कहा जा रहा है, जिससे मरीजों को अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है। मरीजों का यह भी कहना है कि एक जुलाई 2026 से ओपीडी के सभी चिकित्सकों को अस्पताल में उपलब्ध दवाओं के स्टॉक की सूची नहीं दी गई है और पुरानी सूची देखकर ही दवाएं लिखी जा रही हैं। ऐसे में ऐसी दवाएं भी लिखी जा रही हैं, जो काउंटर पर उपलब्ध नहीं हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह ने कहा कि खांसी की सिरप की उपलब्धता और बी-काम्प्लेक्स की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी की जाएगी और मरीजों को बेहतर उपचार देना ही प्राथमिकता है। सहायक आयुक्त (औषधि प्रशासन) संदीप कुमार ने कहा कि बी-काम्प्लेक्स टैबलेट पाउडर की तरह निकलने की सूचना मिली है और इसका सैंपल लेकर जांच कराई जाएगी।
जिला अस्पताल के सेवानिवृत्त वरिष्ठ फार्मेसी अधिकारी बीसी यादव ने कहा कि दवा को उचित स्थान पर रखना जरूरी है, क्योंकि रोशनी, तापमान और नमी से दवा की क्षमता प्रभावित होती है। पाउडर अवस्था में निकल रही बी-काम्प्लेक्स टैबलेट की हार्डनेस टेस्ट में गुणवत्ता खराब हो सकती है और अधिक दिन तक इसी स्थिति में रहने पर इसकी क्षमता खो सकती है। उन्होंने कहा कि पाउडर अवस्था में तेज दुर्गंध आती है और इसे सेवन करने पर मरीज को उल्टी भी हो सकती है।
