ब्रिटिश अमेरिकन टोबैको (BAT) आईटीसी होटल्स में अपनी बची हुई हिस्सेदारी ब्लॉक डील के जरिए बेचने की योजना बना रही है। मामले की जानकारी रखने वाले सूत्रों के अनुसार यह सौदा शुरू हो चुका है और इसका असर सोमवार को आईटीसी के शेयरों पर देखने को मिल सकता है।
BAT के पास 'टोबैको मैन्युफैक्चरर्स (इंडिया) लिमिटेड' के जरिए आईटीसी होटल्स में 6.28 प्रतिशत हिस्सेदारी है और कंपनी इससे पूरी तरह बाहर निकलना चाहती है। सूत्रों के मुताबिक इस प्रस्तावित सौदे के लिए फ्लोर प्राइस 175 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है, जो शुक्रवार के क्लोजिंग भाव से 5.2 प्रतिशत कम है। शुक्रवार को आईटीसी के शेयर 0.75 प्रतिशत की गिरावट के साथ 305 रुपये के स्तर पर बंद हुए थे। रिपोर्ट के अनुसार यह पूरी हिस्सेदारी बेचने का सौदा लगभग 247 मिलियन डॉलर का है।
बता दें कि BAT के पास अभी भी आईटीसी लिमिटेड में 22 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सेदारी है। कंपनी ने सबसे पहले 1900 के दशक की शुरुआत में आईटीसी ग्रुप में निवेश किया था। पिछले छह महीनों में आईटीसी होटल्स के शेयर की कीमत में लगभग 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
BAT के मुख्य कार्यकारी (CEO) टैड्यू मैरोको ने कहा था कि आईटीसी होटल्स में सीधी हिस्सेदारी आईटीसी द्वारा इस साल की शुरुआत में पूरी की गई डीमर्जर प्रक्रिया का नतीजा थी। उन्होंने कहा था कि यह BAT के लिए कोई रणनीतिक निवेश नहीं है और इस सौदे से मिलने वाली रकम 2026 के लिए तय 'लीवरेज कॉरिडोर' की दिशा में प्रगति को मजबूती देगी।
(डिस्क्लेमर: यहां शेयर बाजार की जानकारी दी गई है, निवेश की सलाह नहीं। स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है, इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)
