सोने की कीमतों में करीब 30% की गिरावट के बाद गोल्ड लोन बाजार पर दबाव बढ़ा है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने करीब 23 लाख करोड़ रुपये के इस बाजार की निगरानी तेज कर दी है। रेगुलेटर गोल्ड लोन देने वाली कंपनियों के लोन पोर्टफोलियो, कर्ज की गुणवत्ता और शुरुआती दबाव के संकेतों की जांच कर रहा है। यह भी देखा जा रहा है कि कंपनियां गिरवी रखे सोने की कीमत के मुकाबले तय सीमा से ज्यादा कर्ज तो नहीं दे रहीं। नियम के मुताबिक बैंक और एनबीएफसी गिरवी सोने की कीमत का अधिकतम 85% तक कर्ज दे सकते हैं।

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 5 साल में गोल्ड लोन बाजार करीब 5 गुना बढ़कर 23 लाख करोड़ रुपये हो गया है। इसका करीब 60% हिस्सा अभी भी अनौपचारिक क्षेत्र में है। सितंबर तक गोल्ड लोन भारतीय बैंकों के कुल कर्ज का लगभग 2.5% था, इसलिए फिलहाल पूरे बैंकिंग सिस्टम पर बड़ा खतरा नहीं माना जा रहा है।

ट्रांसयूनियन सिबिल के मुताबिक, गोल्ड लोन का एनपीए 31 मार्च 2026 के 0.16% से बढ़कर अगस्त के अंत में 0.3% हो गया यानी डिफॉल्ट का अनुपात करीब दोगुना हो गया। रिपोर्ट के अनुसार, एक से ज्यादा गोल्ड लोन खाते रखने वाले ग्राहक किस्त चुकाने में ज्यादा देरी कर रहे हैं। सोना गिरवी रखकर कर्ज लेने पर अगर बाद में सोने की कीमत घटती है, तो गिरवी सोने की कीमत कर्ज के मुकाबले कम हो सकती है। ऐसे में कंपनियां ग्राहक से अतिरिक्त सोना गिरवी रखने या कर्ज का कुछ हिस्सा चुकाने को कह सकती हैं, और ऐसा न होने पर डिफॉल्ट का जोखिम बढ़ता है।

आरबीआई ने एनबीएफसी कंपनियों के प्रमुखों के साथ बैठक में गोल्ड लोन कारोबार में सावधानी बरतने की सलाह दी। रेगुलेटर ने कहा कि तेजी से कारोबार बढ़ाने के बजाय लोन की गुणवत्ता और ग्राहकों की भुगतान क्षमता पर ध्यान दिया जाए। नियमों में बदलाव से भी ग्राहकों को परेशानी हो रही है। अब एक साल से अधिक अवधि वाले गोल्ड लोन में ब्याज का भुगतान हर महीने करना जरूरी है। पहले कई ग्राहक लोन की अवधि खत्म होने पर एक साथ ब्याज और मूलधन चुकाते थे।