रीवा में बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने सराफा कारोबारी दीपू सोनी को चलती बाइक से गिराकर सोने-चांदी और नकदी से भरा बैग छीन लिया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

मध्य प्रदेश के रीवा में सराफा कारोबारी को सरेराह लूट का शिकार होना पड़ा। आजाद नगर निवासी दीपू सोनी देविका ज्वेलर्स के संचालक हैं। वह रोजाना की तरह सर्राफा बाजार से आभूषण खरीदकर अपनी दुकान लौट रहे थे। रात करीब 10 बजे शिल्पी प्लाजा के पास बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाश उनके पीछे लग गए और आजाद नगर तक लगातार पीछा करते रहे।

बताया जा रहा है कि दुकान के नजदीक पहुंचते ही बदमाशों ने व्यापारी की चलती बाइक में जोरदार लात मार दी, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान बदमाश आभूषण और नकदी से भरा बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। व्यापारी के मुताबिक बैग में करीब 900 ग्राम चांदी, 40 ग्राम सोना और 12 हजार रुपये नकद थे। लूटे गए सामान की कुल कीमत करीब 5 से 6 लाख रुपये बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही अमहिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में तीन बाइक सवार नकाबपोश बदमाश वारदात को अंजाम देते दिखाई दे रहे हैं। थाना प्रभारी मनोज गौतम के मुताबिक, फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। शिल्पी प्लाजा जैसे व्यस्त इलाके से पीछा कर आजाद नगर में लूट की वारदात ने कारोबारियों, खासकर सर्राफा व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।