भागलपुर-बांका स्टेट हाइवे-25 पर वाहनों के लिए वर्ष 2026-27 की टोल टैक्स दरें तय कर दी गई हैं। पथ निर्माण विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। टोल की वसूली बांका जिले में समुखिया मोड़ के पास बनाए जाने वाले टोल प्लाजा से होगी। इसके लिए बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड (बीएसआरडीसीएल) को अपने अधिकारियों या ठेकेदार के माध्यम से शुल्क वसूलने के लिए अधिकृत किया गया है।

अधिसूचना के अनुसार, हाइवे की कुल लंबाई 44.30 किलोमीटर है, जिसमें 60 मीटर से अधिक लंबी संरचना को छोड़कर 44.168 किलोमीटर सड़क पर टोल लागू होगा। सड़क पर बने 132.5 मीटर लंबे कॉजवे को भी टोल की गणना में शामिल किया गया है। नियमों के तहत इसे 10 गुना मानकर 1.32 किलोमीटर सड़क के बराबर गिना गया है। सड़क और कॉजवे दोनों के लिए निर्धारित प्रति किलोमीटर आधार दर का 60 प्रतिशत शुल्क लिया जाएगा।

वाहन चालकों के लिए राहत की बात यह है कि निजी इस्तेमाल के लिए पंजीकृत कार, जीप, वैन और हल्के मोटर वाहनों को टोल से पूरी छूट दी गई है। जहां सर्विस रोड या वैकल्पिक सड़क उपलब्ध होगी, वहां उसका उपयोग करने वाले दोपहिया वाहनों को भी टोल नहीं देना होगा। यह शुल्क मुख्य रूप से वाणिज्यिक और मालवाहक वाहनों पर लागू होगा।

नियमित यात्रियों के लिए पास की व्यवस्था है। एक बार टोल भुगतान के बाद 24 घंटे के भीतर दो एकतरफा यात्राओं के लिए सामान्य एकतरफा शुल्क का डेढ़ गुना भुगतान करना होगा। 50 एकतरफा यात्राओं का पास बनवाने पर 50 सामान्य यात्राओं के कुल शुल्क का दो-तिहाई देना होगा। निर्धारित क्षमता से अधिक वजन लेकर चलने वाले वाहनों से उनकी श्रेणी के प्रवेश शुल्क के बराबर शुल्क वसूला जाएगा। दरों में प्रतिवर्ष संशोधन होगा और टोल प्लाजा पर शुल्क सूची प्रदर्शित की जाएगी।