भागलपुर में गुरुवार, 20 नवंबर 2026 को जिला स्कूल परिसर में जिला स्तरीय एक दिवसीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया गया। युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार, पटना के निर्देश पर जिला नियोजनालय, भागलपुर ने इस मेले का आयोजन किया, जिसमें रोजगार की तलाश कर रहे सैकड़ों युवाओं ने हिस्सा लिया।

मेले का उद्घाटन उप विकास आयुक्त (डीडीसी) रवि राकेश, उप निदेशक नियोजन शंभू नाथ सुधाकर, उप श्रमायुक्त विनोद कुमार और महिला आईटीआई की प्राचार्य राजीव कुमार झा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मेले में विभिन्न क्षेत्रों की 25 कंपनियों ने भाग लिया और युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर प्रदान किए। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने युवाओं से सीधे बातचीत की और वे अपना बायोडाटा देकर अपनी योग्यता के अनुसार नौकरी के अवसर प्राप्त कर सके।

उद्घाटन समारोह में अतिथियों ने कहा कि यह आयोजन निजी क्षेत्र में सीधे रोजगार पाने का बेहतर जरिया है। उन्होंने युवाओं से अपनी शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप कौशल विकसित करने और ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। जो युवा नौकरी नहीं करना चाहते, उन्हें स्वरोजगार और उद्यमिता अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने युवाओं से नियोक्ताओं के यहां ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण से काम करने का आह्वान किया, ताकि जिले के अन्य युवाओं के लिए भी भविष्य में रोजगार के अधिक अवसर सृजित हो सकें।

मेले में जिला नियोजनालय की ओर से बिहार रोजगार सेतु और एनसीएस (NCS) पोर्टल पर युवाओं के तत्काल पंजीकरण की सुविधा दी गई। समुदाय नियोजन ब्यूरो, जिला पशुपालन कार्यालय, जिला निबंधन सह परामर्श केंद्र (डीआरसीसी), आरसेटी, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), जीविका, परियोजना निदेशक आत्मा और जिला उद्योग केंद्र के स्टॉल भी लगाए गए, जहां विशेषज्ञों ने युवाओं को व्यावसायिक मार्गदर्शन और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर सहायक निदेशक नियोजन मो. तौसीफ नय्याम, विश्वविद्यालय नियोजन सूचना एवं मार्गदर्शन केंद्र की नियोजन पदाधिकारी निशी राय, आईटीआई के उप प्राचार्य सागर सुमन, महिला आईटीआई की उप प्राचार्य रश्मि प्रिया, यूको बैंक के एलडीएम शैलेश कुमार गुप्ता, आरसेटी निदेशक आनंद कुमार, डीआरसीसी के सहायक प्रबंधक विनय कुमार, जीविका प्रबंधक तबरेज खान, जिला स्कूल की प्राचार्या डॉ. सतदल मंजरी, गोरखामी आईएनएसएस एकेडमी के निदेशक पी. गोस्वामी और जिला कौशल प्रबंधक सहित नियोजनालय के कई कर्मी तथा बड़ी संख्या में युवा अभ्यर्थी उपस्थित थे।