भागलपुर जंक्शन पर 75 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिकीकरण का कार्य शुरू हो गया है। इसे मार्च 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस काम में यार्ड आधुनिकीकरण पर 50 करोड़ रुपये और प्लेटफार्म व एफओबी विस्तार पर 25 करोड़ रुपये की स्वीकृत राशि शामिल है।

सेंट्रलाइज्ड पैनल का निर्माण शुरू होने के साथ स्टेशन विकास की प्रक्रिया तेज हो गई है। यार्ड आधुनिकीकरण के तहत ट्रैक के सिग्नल और प्वाइंट शिफ्ट किए जाएंगे तथा इलेक्ट्रॉनिक इंटरलाकिंग, सिग्नलिंग सुधार और ड्रेनेज सिस्टम पर काम होगा। लोको कालोनी में दुर्गा स्थान के पास सेंट्रलाइज्ड पैनल बनने और रूट रिले सिस्टम लागू होने से स्टेशन मास्टर अकेले ही ट्रेन को प्लेटफार्म पर लेने और शंटिंग का निर्णय ले सकेंगे। अभी पूर्वी कैबिन में इलेक्ट्रॉनिक और पश्चिमी कैबिन में पैनल इंटरलाकिंग है, जिसके कारण दोनों कैबिन और स्टेशन मास्टर की स्वीकृति लेनी पड़ती है।

प्लेटफार्म एक को लोहिया पुल के पास से तोड़कर सीधा और पीछे शिफ्ट किया जाएगा। इससे प्लेटफार्म दो और तीन को चौड़ा करने की जगह मिलेगी। यार्ड आधुनिकीकरण और प्लेटफार्म विस्तार के बाद दो नंबर प्लेटफार्म की रेल लाइन को मेन ट्रैक बनाया जाएगा, जिससे डाउन लाइन की ट्रेनें बिना काशन के 100 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से गुजर सकेंगी। अभी कर्व और काशन के कारण ट्रेनों की रफ्तार महज 30 किमी प्रतिघंटा रहती है। यार्ड में बरसात के जलजमाव से होने वाले हादसों को रोकने के लिए ड्रेनेज सिस्टम बनेगा और सुरक्षा के लिहाज से तीन नए लेवल क्रॉसिंग गेट लगाए जाएंगे।

प्लेटफार्म विस्तार और फुटओवर ब्रिज की सीढ़ियों को चौड़ा करने के लिए 25 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। रेलवे सुरक्षा आयुक्त की मंजूरी के बाद काम दो चरणों में हो रहा है। पहले चरण में लोहिया पुल की ओर वाले एफओबी की सीढ़ियां चौड़ी की गई हैं, अब नाथनगर छोर पर काम होगा। अभी प्लेटफार्म संख्या दो, तीन, पांच और छह की लंबाई कम होने से बड़ी ट्रेनें एक और चार पर ली जाती हैं। एडीआरएम मालदा अमरेंद्र कुमार मौर्य के अनुसार पैनल निर्माण के साथ स्टेशन विकास का कार्य शुरू हो गया है, जिसे चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।