मध्य प्रदेश के भिंड से बिना बताए दिल्ली आई दो बहनों को दिल्ली पुलिस ने करीब दो महीने की काउंसलिंग के बाद उनके परिवार से मिला दिया। 10 और 17 वर्षीय दोनों बहनें घर की आर्थिक तंगी और पिता की डांट-फटकार से परेशान होकर काम की तलाश में राजधानी आई थीं।

मध्य जिला पुलिस की टीम में शामिल एसआई किरण सेठी और महिला कांस्टेबल रीना तथा सुनीता 17 सितंबर को गश्त के दौरान ई-रिक्शा से उतरकर अकेले जा रही दोनों लड़कियों को देखा। उम्र कम होने और डरी-सहमी हालत देखते हुए महिला पुलिसकर्मियों ने उनसे बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन शुरुआत में दोनों ने अपनी पहचान और परिवार के बारे में कुछ नहीं बताया। पुलिस ने उनकी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मेडिकल जांच कराई और उन्हें आश्रय गृह पहुंचा दिया।

इसके बाद महिला पुलिसकर्मियों ने करीब दो महीने तक लगातार उनकी काउंसलिंग की और उन्हें भरोसा दिलाया कि पुलिस उनकी मदद करना चाहती है। धीरे-धीरे दोनों का विश्वास जीता गया और उन्होंने अपने घर का पता बताया। बातचीत में दोनों ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी और पिता आर्थिक तंगी के कारण अक्सर तनाव में रहते थे, जिसकी वजह से उन्हें डांट-फटकार सहनी पड़ती थी। इससे परेशान होकर दोनों ने दिल्ली आकर काम तलाशने का फैसला किया था।

पुलिस ने मध्य प्रदेश में उनके पिता से संपर्क किया। पिता ने बताया कि परिवार दोनों बेटियों को लगातार तलाश रहा था, लेकिन उनका पता नहीं चल पा रहा था। 23 नवंबर को पिता को दिल्ली बुलाया गया। दोनों बहनों को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के सामने पेश करने और जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद समिति के निर्देश पर पिता के सुपुर्द कर दिया गया।