बिहार बोर्ड ने 27 नवंबर को गया के एक परीक्षा केंद्र पर आयोजित स्कूल पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा को रद कर दिया है। इस केंद्र पर सर्वर में तकनीकी बाधा के कारण अभ्यर्थियों को परीक्षा में दिक्कत हुई थी। बोर्ड ने अभ्यर्थियों के हित को देखते हुए यह फैसला लिया है और जल्द ही पुनर्परीक्षा की तारीख की घोषणा की जाएगी।
बिहार स्कूल लाइब्रेरियन एलिजिबिलिटी टेस्ट (BSEB LET 2026) का आयोजन 23 नवंबर से 6 दिसंबर तक किया जाना है। इसी क्रम में 27 नवंबर को द्वितीय पाली में एल एंड टी एडुटेक परीक्षा केंद्र, यादव चौक, न्यू बाईपास, नौरंग रोड, मानपुर, गया पर ऑनलाइन परीक्षा चल रही थी, जहां 476 अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे थे।
इस केंद्र की एक कंप्यूटर लैब, जिसमें 155 अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे थे, में अपराह्न 3:30 बजे सर्वर में तकनीकी बाधा उत्पन्न हो गई। एजेंसी द्वारा इसे सुधारने में एक घंटे से अधिक समय लगा, जिससे इन अभ्यर्थियों की परीक्षा में बाधा उत्पन्न हुई।
बिहार बोर्ड ने अभ्यर्थियों के हित को देखते हुए उन अभ्यर्थियों की परीक्षा रद करने का फैसला लिया है, जिन्हें इस परीक्षा में दिक्कत हुई थी। पुनर्परीक्षा की तिथि संबंधित अभ्यर्थियों को जल्द ही बताई जाएगी। इस पात्रता परीक्षा में बहुविकल्पीय प्रकार के कुल 150 प्रश्न पूछे जाएंगे और उत्तर देने के लिए 2 घंटे 30 मिनट (150 मिनट) दिए जाएंगे। प्रत्येक प्रश्न 1 अंक का होगा और परीक्षा में माइनस मार्किंग नहीं है। पास होने के लिए सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को 50 प्रतिशत, पिछड़ा वर्ग को 45.5 प्रतिशत, अत्यंत पिछड़ा वर्ग को 42.5 प्रतिशत तथा एससी, एसटी, दिव्यांग एवं महिला उम्मीदवारों को 40 प्रतिशत अंक प्राप्त करने होंगे।
