बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के स्कूलों में पहली से छठी कक्षा तक मैथिली भाषा में पढ़ाई शुरू करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, यह पहल बच्चों को मातृभाषा में बेहतर सीखने, सांस्कृतिक जुड़ाव बढ़ाने और बौद्धिक विकास में मदद करेगी। इस फैसले का अभिभावकों, शिक्षाविदों और स्थानीय लोगों ने स्वागत किया है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि जिस भाषा को मां सीता बोलती थीं, उसी मैथिली में अब बिहार के बच्चे पढ़ाई करेंगे। उन्होंने बताया कि सरकार पहली से छठी कक्षा तक मैथिली में पढ़ाई शुरू करेगी और मां सीता के नाम पर एक विश्वविद्यालय भी बनाया जाएगा।
दरभंगा की रहने वाली स्नेहा ने कहा कि शुरुआती कक्षाओं में मातृभाषा की भूमिका सबसे अहम होती है। उनके मुताबिक, बच्चे घर में मैथिली बोलते हैं, लेकिन स्कूल में उन्हें दूसरी भाषा में सब कुछ समझना पड़ता है। मैथिली में पढ़ाई होने से विषय जल्दी समझ आएंगे और संस्कृति से जुड़ाव भी बना रहेगा। सुपौल के रिटायर्ड अधिकारी और मैथिली के लेखक अरुण कुमार झा ने इसे शिक्षा के क्षेत्र में दूरगामी और ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि मातृभाषा में पढ़ाई से बच्चा रटने के बजाय चीजों को गहराई से समझेगा।
समस्तीपुर के विकास रंजन ने कहा कि इस फैसले से गांव-कस्बों के बच्चों को सबसे ज्यादा फायदा होगा। भाषा की दिक्कत से कई बार होनहार बच्चे भी सवाल पूछने से हिचकते हैं, अब उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा। सुपौल के चंद्र नाथ झा ने कहा कि मिथिला के लोगों की यह पुरानी मांग थी और अपनी भाषा में शिक्षा मिलने से बच्चे पढ़ाई में आगे बढ़ेंगे तथा मैथिली को नया सम्मान मिलेगा। उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र, गुजरात, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु जैसे राज्यों में प्राथमिक शिक्षा मातृभाषा में दी जाती है।
