हाथरस के तालाब ओवरब्रिज पर हादसों को रोकने के लिए लोक निर्माण विभाग 2.50 करोड़ रुपये की लागत से गोलचक्कर और पुलिस बूथ का निर्माण कराएगा। यह प्रस्ताव शासन से मंजूरी मिलने के बाद तैयार किया गया है। अधिशासी अभियंता संजीव वर्मा के अनुसार, पुल के दोनों ओर सड़क का चौड़ीकरण भी किया जाएगा। एक ओर गोलचक्कर और दूसरी ओर पुलिस छतरी बनेगी। मंजूरी के बाद काम जल्द शुरू कराया जाएगा।

बता दें कि करीब तीन महीने पहले 28 जुलाई की देर शाम तालाब ओवरब्रिज पर हुए सड़क हादसे में 18 वर्षीय छात्रा खुशी अग्रवाल की मौत हो गई थी। वह कोतवाली सदर क्षेत्र के आगरा रोड स्थित पुराना मिल कंपाउंड की निवासी और डॉ. संजीव अग्रवाल की पुत्री थी। खुशी अलीगढ़ रोड स्थित एक कोचिंग सेंटर से मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थी और कोचिंग खत्म होने के बाद स्कूटी से घर लौट रही थी।

हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने घायल छात्रा को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना को लेकर शहर भर में आक्रोश था और स्वजन ने पूरे पुल पर मानव श्रृंखला बनाकर विरोध व्यक्त किया था।

इसके बाद तत्कालीन डीएम के निर्देश पर अधिकारियों की टीम ने मौके का मुआयना किया और हादसों की पुनरावृति रोकने के लिए प्रस्ताव तलब किया गया। लोक निर्माण विभाग ने ढाई करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाकर डीएम के जरिए शासन को भेजा, जिसे मंजूरी मिल गई है।