मुरादाबाद के छजलैट थाना क्षेत्र में हरिद्वार हाईवे पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। लदावली गांव के पास पेट्रोल पंप के सामने मुरादाबाद डिपो की रोडवेज बस और गन्ने की खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में मां-बेटे समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। टक्कर के बाद बस में चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य में मदद की।
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब साढ़े सात बजे मुरादाबाद डिपो की रोडवेज बस छजलैट की ओर से मुरादाबाद आ रही थी। इसी दौरान लदावली गांव के पास पेट्रोल पंप के सामने बस खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में सदुपुरा गांव निवासी जॉनसन मसीह की पत्नी अर्चना (30) और उनके पांच वर्षीय बेटे सुशांत की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा नूरपुर, बिजनौर निवासी लोकेंद्र और दीपिका चौहान ने भी दम तोड़ दिया। जॉनसन मसीह की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे में घायल कई अन्य यात्रियों को भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसपी देहात कुमार आकाश सिंह ने बताया कि सुबह करीब साढ़े सात बजे हादसा हुआ था, जब छजलैट की ओर से आ रही रोडवेज बस खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में मां-बेटे समेत चार लोगों की मौत हुई है और अन्य घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
