दरभंगा के सकतपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक पिता ने अपने पांच वर्षीय बेटे की धान काटने वाले हंसुआ से गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपनी पत्नी पर भी जानलेवा हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया गया है।

यह घटना सकतपुर थाना क्षेत्र के शेरपुर नारायणपुर पंचायत के श्रीरामपुर वार्ड संख्या चार स्थित दरगाह टोल में हुई। मृत बच्चे की पहचान अरुण चौपाल के पांच वर्षीय पुत्र आर्यन कुमार के रूप में की गई है। बताया जाता है कि धान की फसल काटने के दौरान अरुण चौपाल ने हंसुआ से अपने पुत्र की गर्दन रेत दी, जिससे बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।

इसके बाद आरोपी ने अपनी पत्नी पर भी जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को इलाज के लिए डीएमसीएच पहुंचाया गया। घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है।

मासूम की हत्या और पत्नी पर जानलेवा हमले के पीछे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।