कुरुक्षेत्र में एक सड़क हादसे में 43 वर्षीय बबीता की मौत हो गई। उनकी स्कूटी को तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने टक्कर मार दी थी। मृतका जिला कैथल के गांव रसीना की निवासी थीं और बच्चों को पढ़ाने के साथ सरकारी नौकरी की तैयारी भी कर रही थीं। परिवार में भांजे-भांजी की शादी की तैयारियां चल रही थीं, जो हादसे के बाद मातम में बदल गईं।

पुलिस को दिए बयान में बबीता के रिश्तेदार सतपाल निवासी रसीना ने बताया कि वह पब्लिक हेल्थ विभाग में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं और हादसे के समय बबीता के पीछे आ रहे थे। 25 नवंबर को बबीता स्कूटी पर कुरुक्षेत्र की ओर आ रही थीं, जब हथीरा गांव के पास किरमिच की तरफ से आई तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं और सिर पर चोट लगने से बेहोश हो गईं।

सतपाल ने बताया कि टक्कर होते देख उन्होंने तुरंत मोटरसाइकिल रोकी और स्वजनों की मदद से घायल बबीता को करनाल के निजी अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद कार चालक ने भी वाहन रोक लिया था और घायल को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। उपचार के दौरान बबीता ने दम तोड़ दिया।

परिवार में 3 दिसंबर को भांजे और भांजी की शादी होनी थी और तैयारियां चल रही थीं। बबीता भी इस आयोजन का हिस्सा बनने वाली थीं, लेकिन उनकी मौत से घर की खुशियां गम में बदल गईं। थाना केयूके पुलिस को 26 नवंबर को अस्पताल से बबीता के हादसे में घायल होने की सूचना मिली थी। उपचार के दौरान मौत होने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। सतपाल के बयान पर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।