कालांवाली यातायात पुलिस ने रात और धुंध के समय होने वाले सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया है। ट्रैफिक इंचार्ज वीरभान और उनकी टीम ने मुख्य मार्गों से गुजरने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, कृषि वाहनों और अन्य मालवाहक वाहनों के पिछले हिस्से पर चमकदार रिफ्लेक्टर स्टिकर लगाए।
अभियान के तहत पुलिस टीम ने बिना रिफ्लेक्टर चल रहे धीमी गति के और भारी वाहनों को रोककर उन पर स्वयं रिफ्लेक्टर चिपकाए। विशेष रूप से बोरियों से लदी ट्रॉलियों और कृषि उपकरणों पर स्टिकर लगाए गए, ताकि रात के अंधेरे या कम दृश्यता में पीछे से आने वाले वाहन चालकों को ये दूर से स्पष्ट नजर आ सकें।
ट्रैफिक इंचार्ज वीरभान ने चालकों को यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक करते हुए अपील की कि वे अपने वाहनों की हेडलाइट, बैक लाइट, इंडिकेटर और रिफ्लेक्टर हमेशा दुरुस्त रखें तथा ओवरलोडिंग से बचें। उन्होंने कहा कि चालकों की थोड़ी सी सतर्कता और वाहनों पर लगे रिफ्लेक्टर कई कीमती जिंदगियों को सड़क हादसों से बचा सकते हैं।
यातायात पुलिस की इस जनहितैषी पहल की स्थानीय लोगों और राहगीरों ने सराहना की। पुलिस टीम ने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
