बिहार सरकार की नई खनिज नियमावली-2026 के तहत खनिज परिवहन करने वाले वाहनों में जीपीएस लगाना अनिवार्य किया गया है। इसका उद्देश्य अवैध खनन और खनिजों के गैरकानूनी परिवहन पर रोक लगाना तथा डिजिटल निगरानी व्यवस्था को मजबूत करना है। राज्य मंत्रिमंडल से नियमावली को मंजूरी मिलने के बाद खनिज परिवहन करने वाले वाहनों के निबंधन और डिजिटल डाटाबेस की व्यवस्था प्रस्तावित है। दूसरे राज्यों से खनिज लेकर बिहार आने वाले वाहनों में भी जीपीएस लगाना अनिवार्य किए जाने की बात कही गई है।
भागलपुर से मिली जानकारी के अनुसार, बिहार ट्रक ओनर्स एसोसिएशन ने इस पहल का स्वागत किया है। संगठन के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष डीएन सिंह ने कहा कि तकनीक का उपयोग ईमानदार वाहन मालिकों को परेशान करने के बजाय उनका कारोबार सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए होना चाहिए। उनके अनुसार, डिजिटल रिकॉर्ड और जीपीएस निगरानी से वाहनों की आवाजाही पर नजर रखना आसान होगा। वैध कागजात, खनिज चालान और परिवहन अनुमति के साथ कारोबार करने वालों को अनुचित प्रतिस्पर्धा से राहत मिल सकती है। संगठन का यह भी मानना है कि इससे जांच में पारदर्शिता आएगी, अवैध वसूली और सरकारी राजस्व की चोरी पर अंकुश लगेगा तथा वैध कारोबार को बढ़ावा मिलेगा।
एसोसिएशन ने जीपीएस नहीं लगाने पर प्रस्तावित जुर्माने को लेकर चिंता जताई है। संगठन के मुताबिक, ट्रैक्टर-ट्राली और हाफ ट्रक पर 50 हजार रुपये तथा बड़े वाहनों पर दो लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान बताया जा रहा है, जिससे छोटे और मध्यम वाहन मालिकों पर आर्थिक बोझ पड़ सकता है।
संगठन ने जीपीएस लगाने के मानक, कीमत और अधिकृत एजेंसियों की सूची सार्वजनिक करने तथा वाहन मालिकों को पर्याप्त समय देने की मांग की है। एसोसिएशन ने तकनीकी खराबी की स्थिति में मालिक को जिम्मेदार न ठहराने और उचित जांच व सुनवाई के बिना भारी जुर्माना नहीं लगाने की भी अपील की है।
