बिहार विधान परिषद सचिवालय ने विज्ञापन संख्या 02/2025 के तहत तीन संवर्गों के कुल 50 पदों पर सीधी भर्ती प्रक्रिया रद्द कर दी है। इन पदों के लिए अंतिम परीक्षाफल में सफल घोषित सभी 50 अभ्यर्थियों को अयोग्य करार दिया गया है। सचिवालय के अनुसार, चयन के अगले चरण में आयोजित दक्षता जांच में एक भी अभ्यर्थी शामिल नहीं हुआ।
सबसे अधिक 35 पद डाटा एंट्री ऑपरेटर के थे। समूह-ग के वेतन स्तर-4 के इन पदों के लिए 33 अभ्यर्थी अंतिम परीक्षाफल में सफल घोषित हुए थे, लेकिन 18 नवंबर 2026 को आयोजित हिंदी एवं अंग्रेजी टंकण दक्षता जांच में सभी अनुपस्थित रहे। इसके बाद सभी को अयोग्य घोषित करते हुए नियुक्ति प्रक्रिया निरस्त कर दी गई। साथ ही 22 सितंबर 2026 को जारी पूर्व आदेश भी निरस्त किया गया। सचिवालय ने यह निर्णय भर्ती नियमावली 2018, दक्षता जांच की शर्तों और विधिक परामर्श के आधार पर लिया।
लिपिकीय संवर्ग में निम्न वर्गीय लिपिक के 10 पदों पर भी यही स्थिति रही। समूह-ग के वेतन स्तर-2 के इन पदों के लिए अंतिम रूप से सफल सभी 10 अभ्यर्थी 18 नवंबर को आयोजित हिंदी एवं अंग्रेजी टंकण की व्यावहारिक जांच में अनुपस्थित रहे, जिसके बाद सभी को अयोग्य घोषित कर नियुक्ति प्रक्रिया रद कर दी गई।
स्टेनोग्राफर एवं आप्त सचिव संवर्ग में निजी सहायक के सात पदों की नियुक्ति प्रक्रिया भी निरस्त की गई है। समूह-ख के वेतन स्तर-7 के इन पदों के लिए अंतिम रूप से सफल सभी सात अभ्यर्थी 4 और 18 नवंबर को आयोजित हिंदी आशुलिपिक दक्षता जांच में शामिल नहीं हुए, जिसके बाद सभी को अयोग्य घोषित कर दिया गया। सचिवालय ने जांच प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए विशेष व्यवस्था की थी; निम्न वर्गीय लिपिक की टंकण दक्षता जांच दंडाधिकारी और विषय विशेषज्ञों के त्रि-सदस्यीय पैनल की मौजूदगी में सीसीटीवी निगरानी के तहत होनी थी।
सचिवालय ने सभी संबंधित अभ्यर्थियों को उनके आवेदन में दर्ज मोबाइल नंबर और ई-मेल के माध्यम से निर्णय की सूचना भेज दी है। उप सचिव नवीन कुमार मिश्र ने कार्यकारी सभापति के आदेश से 19 नवंबर 2026 को यह सूचना जारी की।
