समुद्री तूफान 'अकवान' के असर से बिलासपुर में मौसम का मिजाज बदल गया है। शुक्रवार को दिनभर हुई झमाझम बारिश के बाद शनिवार सुबह शहर घने कोहरे में लिपटा रहा। आसमान में काले बादल छाए रहे और रुक-रुककर फुहारें गिरती रहीं। हवा में नमी और ठंडक के कारण मौसम खुशनुमा बना हुआ है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक शुक्रवार सुबह आठ बजे से शनिवार सुबह आठ बजे तक 24 घंटे में 75.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। शनिवार को अधिकतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 7.1 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री दर्ज हुआ। पेंड्रारोड का न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री रहा, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। बिलासपुर तहसील में सर्वाधिक बारिश दर्ज हुई, जबकि पचपेड़ी में 57, मस्तूरी में 54.4, बेलगहना में 48.3 और तखतपुर में 46.6 मिमी बारिश हुई।

बदले मौसम को लेकर दो अलग तस्वीरें सामने आ रही हैं। किसानों के लिए यह बदलाव चिंता का कारण है, क्योंकि खेतों में खड़ी फसल और कृषि कार्य प्रभावित होने की आशंका है। वहीं घूमने-फिरने के शौकीनों के लिए यह मौसम सौगात जैसा है। रविवार की छुट्टी को देखते हुए लोग पेंड्रारोड और अमरकंटक जाने की तैयारी कर रहे हैं और होटल व वाहनों की बुकिंग हो रही है।

मौसम विशेषज्ञ अब्दुल सिराज खान के मुताबिक रविवार 22 नवंबर को आसमान में बादल छाए रहेंगे और दोपहर व शाम के समय हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। 23 नवंबर से मौसम में बदलाव शुरू होगा, जबकि 24 नवंबर से ठंड तेजी से बढ़ने के आसार हैं। अमरकंटक में भी तूफान का असर जारी है, जहां शनिवार सुबह घना कोहरा छाया रहा और श्रद्धालुओं को मौसम के कारण अपनी दिनचर्या बदलनी पड़ी।