रायबरेली: लोक जनशक्ति पार्टी 'रामविलास' के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली में पार्टी के स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। जीआईसी मैदान में 'बहुजन भीम संकल्प समागम' नाम से हुए इस आयोजन को 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है। चिराग पासवान शनिवार को लखनऊ से सड़क मार्ग से रायबरेली पहुंचे, जहां कई जगहों पर पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। जनसभा में हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और आम लोग मौजूद रहे।
सभा को संबोधित करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि लोजपा अब उत्तर प्रदेश में पूरी मजबूती से चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। पार्टी सभी 403 सीटों पर अपना संगठन मजबूत करने में जुटी है और जरूरत पड़ने पर अकेले भी चुनाव मैदान में उतर सकती है। उन्होंने अपने पिता रामविलास पासवान के विचारों और सामाजिक न्याय के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान भी किया।
रायबरेली को स्थापना दिवस के आयोजन के लिए चुनने के पीछे पार्टी की राजनीतिक रणनीति मानी जा रही है। यह सीट लंबे समय से गांधी परिवार का गढ़ रही है। माना जा रहा है कि चिराग पासवान यहां आकर दलित-बहुजन वोटों को साधने का संदेश देने के साथ उत्तर प्रदेश में अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश कर रहे हैं। इससे पहले भी उन्होंने कई मौकों पर कहा है कि वे एनडीए का समर्थन करेंगे, लेकिन समर्पण नहीं करेंगे।
इस आयोजन से पहले पार्टी प्रयागराज और बनारस में भी कार्यक्रम कर चुकी है। रायबरेली जैसे महत्वपूर्ण जिले से शुरुआत करके लोजपा यह संदेश देने की कोशिश कर रही है कि वह कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के पारंपरिक क्षेत्रों में भी चुनौती पेश करने के लिए तैयार है। चिराग पासवान के इस कदम से उत्तर प्रदेश की सियासत में नई हलचल मानी जा रही है।
