लखनऊ मध्य से समाजवादी पार्टी के विधायक रविदास मेहरोत्रा ने कहा है कि सपा संसद में परिसीमन बिल का पुरजोर विरोध करेगी और पार्टी के सभी सांसद सत्र के दौरान मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि 30 नवंबर से लोकसभा का सत्र शुरू हो रहा है, जिसमें पार्टी के सभी सांसद और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी लोकसभा में मौजूद रहेंगे। विधायक ने आरोप लगाया कि भाजपा की सरकार संविधान और लोकतंत्र के साथ छेड़छाड़ करती है।

रविदास मेहरोत्रा ने कहा कि सपा महिलाओं को आरक्षण दिए जाने के पक्ष में है, लेकिन दलित, पिछड़े वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग की महिलाओं की भी आरक्षण में भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा परिसीमन के नाम पर जनता को मुख्य मुद्दों से भटकाना चाहती है।

सोनिया गांधी के नागरिकता विवाद पर विधायक ने कहा कि उनका नाम 1980 में वोटर लिस्ट में था और 1983 में वह भारत की नागरिक बनीं। इसी बात पर विवाद हुआ है और मामला दिल्ली कोर्ट में गया है, जहां 14 दिसंबर को सुनवाई होनी है। उन्होंने कहा कि कोर्ट जो भी आदेश देगा, उसे सभी को स्वीकार करना चाहिए।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी परिसीमन बिल पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पार्टी विपक्ष के साथ मजबूती से बिल के विरोध में खड़ी रहेगी और यह बिल भाजपा की राजनीति की सबसे बड़ी भूल साबित होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि परिसीमन की आड़ में भाजपा महिला आरक्षण के जरिए चुनावी फायदा उठाने का प्रयास कर रही है और इस मामले को यूपी चुनाव से भी जोड़ा।