उदयपुर जिले की ओगणा पंचायत समिति में उप प्रधान पद के चुनाव के दौरान मतगणना में गड़बड़ी सामने आई है। समिति में कुल 15 वार्ड हैं, लेकिन मतगणना में 16 वोट निकलने से मामला उलझ गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने बताया कि पूरे मामले की रिपोर्ट राज्य निर्वाचन विभाग को भेज दी गई है और विभाग से मिलने वाले निर्देशों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। निर्धारित सदस्यों से अधिक मत मिलने की स्थिति में चुनाव प्रक्रिया दोबारा कराने की संभावना है।

ओगणा पंचायत समिति में उप प्रधान पद के लिए मतदान के बाद मतगणना के दौरान निर्धारित संख्या से एक अधिक वोट मिलने का मामला सामने आया। यहां कुल 15 पंचायत समिति वार्ड हैं, जिनमें भाजपा के छह, कांग्रेस के सात और अन्य के दो सदस्य निर्वाचित हुए हैं। मतगणना में 15 के बदले 16 वोट निकलने से चुनाव प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए हैं।

इस बीच जिले की मावली, सुलाव और कोटड़ा पंचायत समितियों में भाजपा के उप प्रधान निर्वाचित हुए, जबकि ऋषभदेव में कांग्रेस ने उप प्रधान पद पर जीत दर्ज की।

भींडर पंचायत समिति में भी उप प्रधान चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल रही। यहां वार्ड सात से कांग्रेस के टिकट पर जीतीं दिव्या कुंवर ने भाजपा की ओर से उप प्रधान पद के लिए नामांकन दाखिल किया, जबकि कांग्रेस ने जितेन्द्र कुमार को उम्मीदवार बनाया। गौरतलब है कि भींडर में कांग्रेस के पास बहुमत होने के बावजूद एक दिन पहले प्रधान पद पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी। पूर्व विधायक प्रीति गजेंद्र शक्तावत ने दिव्या कुंवर के लापता होने के मामले में भाजपा नेताओं पर आरोप भी लगाए थे।