तेल अवीव: इजरायल के कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने शनिवार को याशर पार्टी के नेता गादी आइजेनकोट को राष्ट्रीय एकता सरकार में पहले प्रधानमंत्री के तौर पर काम करने का प्रस्ताव दिया है। नेतन्याहू ने कहा कि वह खुद वैकल्पिक प्रधानमंत्री के रूप में काम करने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी पार्टी के मुखिया के नाते एकता सरकार का नेतृत्व उन्हें स्वाभाविक रूप से करना चाहिए, और इसके लिए उन्होंने अपने सिद्धांतों से भी समझौता करने की बात कही। नेतन्याहू ने दोनों पक्षों से तुरंत सच्ची और तेज बातचीत शुरू करने की अपील की। उन्होंने उम्मीद जताई कि आइजेनकोट भी समझौता करने और रियायतें देने के लिए तैयार होंगे। उनके मुताबिक, प्रस्तावित एकता सरकार इजरायल की सुरक्षा और भविष्य को खतरों से बचाने के लिए काम करेगी।

दूसरी ओर, गादी आइजेनकोट ने कहा है कि वह आठ दिनों के भीतर नई सरकार बना लेंगे। सोशल मीडिया पोस्ट में आइजेनकोट ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच दो हफ्तों में पांच बैठकें हुईं, लेकिन लिकुड ने ठोस प्रस्ताव रखने या अहम मुद्दों पर समझौता करने से इनकार कर दिया। इन मुद्दों में सरकार से कट्टर दक्षिणपंथी दलों को हटाना, सात अक्टूबर 2023 के हमले की जांच के लिए सरकारी आयोग बनाना और सैन्य सेवा का दायरा बढ़ाने वाला कानून पारित करना शामिल था।

आइजेनकोट ने लिकुड पर आरोप लगाया कि वह विपक्ष को बांटने और एक और चुनाव कराने के मकसद से जानबूझकर बातचीत में देरी कर रहा है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने कहा कि उनके गुट ने न्यायिक सुधारों और प्रस्तावित जांच के मामले में काफी समझौते का प्रस्ताव दिया था। जवाब में लिकुड ने आइजेनकोट पर राजनीतिक दोहरा खेल खेलने का आरोप लगाया। लिकुड का दावा है कि आइजेनकोट पहले से ही वैकल्पिक गठबंधन बनाने, मंत्रियों के विभाग बांटने और अरब दलों का समर्थन लेने की तैयारी कर रहे हैं, जिन्हें लिकुड ने आतंकवाद का समर्थक बताया है।