देश के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत की अगुवाई वाली तीन जजों की पीठ ने सोमवार, 23 नवंबर को न्यायिक अधिकारियों में अनुशासन की कमी पर तल्ख टिप्पणी की। पीठ ने कहा कि ये अधिकारी अब कुछ ज्यादा ही मांग करने लगे हैं। सुनवाई के दौरान सीजेआई ने कहा कि ड्यूटी के दौरान ये लोग अपने चैंबर में बैठकर कॉफी पीते रहते हैं और 24 घंटे यही सोचते रहते हैं कि उन्हें क्या भत्ते और क्या फायदे मिल रहे हैं।

शीर्ष अदालत ने सेवा संबंधी सुविधाओं और सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले लाभों के लिए न्यायिक अधिकारियों के बार-बार अदालत का रुख करने पर भी कड़ी नाराजगी जताई। सीजेआई सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच ने न्यायपालिका में अनुशासन की जरूरत पर जोर दिया।

सुनवाई के दौरान सीजेआई ने कहा कि अब ये अधिकारी कुछ ज्यादा ही मुंह खोलने लगे हैं। उन्होंने कहा, "हमें पता है कि वे कितना काम निपटाते हैं और दिन भर क्या करते हैं। आप 10 बजे जाएं, तो कोई भी अपनी जगह पर नहीं मिलता। वे अपने चैंबर में बैठकर कॉफी पी रहे होते हैं।" सीजेआई ने कहा कि हर मामले में न्यायिक अधिकारी आवेदन दाखिल कर सुविधाएं मांगते हैं, जबकि उन्हें अदालतों में काम करना चाहिए। उन्होंने अदालतों के कामकाजी समय के दौरान न्यायिक अधिकारियों की उपलब्धता पर भी सवाल उठाए।

ये टिप्पणियां केरल में जिला न्यायाधीशों की भर्ती से जुड़े एक मामले की सुनवाई के दौरान की गईं। यह भर्ती वकीलों के लिए आरक्षित सीधी भर्ती कोटे के तहत की जा रही थी। संविधान के अनुच्छेद 233(2) के तहत जिला न्यायाधीश के पद पर सीधी नियुक्ति के इच्छुक वकील के पास बार में कम से कम सात साल का अनुभव होना चाहिए और उसे उच्च न्यायालय द्वारा अनुशंसित किया जाना चाहिए। मामले में विवाद इस बात पर है कि जो न्यायिक अधिकारी पहले वकील के तौर पर काम कर चुके हैं, क्या वे उस अनुभव का इस्तेमाल बार कोटे के तहत नियुक्ति पाने के लिए कर सकते हैं या नहीं।