भारत में हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने देश के संविधान को अपनाया था, जबकि इसे 26 जनवरी 1950 को पूरी तरह लागू किया गया और इसी दिन भारत गणतंत्र बना। पहले यह दिन राष्ट्रीय कानून दिवस के रूप में भी जाना जाता था। वर्ष 2015 में केंद्र सरकार ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया, ताकि नागरिकों को संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया जा सके।
संविधान तैयार करने के लिए संविधान सभा का गठन किया गया, जिसकी पहली बैठक 9 दिसंबर 1946 को हुई थी। 29 अगस्त 1947 को प्रारूप समिति यानी ड्राफ्टिंग कमेटी बनाई गई, जिसके अध्यक्ष डॉ. भीमराव अंबेडकर थे। उन्हें भारतीय संविधान का प्रमुख शिल्पकार कहा जाता है। सभा के कई सदस्यों ने इसे तैयार करने में अहम भूमिका निभाई। करीब 2 साल, 11 महीने और 18 दिन तक चले विचार-विमर्श के बाद संविधान तैयार हुआ। इस दौरान संविधान सभा के कुल 11 सत्र हुए और लगभग 165 दिनों तक बैठकें चलीं।
भारतीय संविधान दुनिया का सबसे लंबा लिखित राष्ट्रीय संविधान माना जाता है। इसमें शासन व्यवस्था से लेकर नागरिकों के अधिकारों, केंद्र और राज्यों के संबंधों तथा न्यायपालिका की भूमिका तक का विस्तार से उल्लेख किया गया है। लागू होने के समय इसमें 395 अनुच्छेद, 22 भाग और 8 अनुसूचियां थीं। समय के साथ संशोधनों के कारण इसकी संरचना बदली और वर्तमान में इसमें 25 भाग तथा 12 अनुसूचियां हैं। इसकी व्यापकता का एक बड़ा कारण देश की विविधता है, जहां अलग-अलग भाषाएं, धर्म, संस्कृतियां और सामाजिक परिस्थितियां हैं। संविधान इन सबके बीच समानता, स्वतंत्रता और न्याय के सिद्धांतों को स्थापित करता है।
संविधान की एक महत्वपूर्ण विशेषता राज्य के नीति निदेशक तत्व हैं, जिन्हें भाग चार में अनुच्छेद 36 से 51 तक शामिल किया गया है। इनका उद्देश्य सरकार को ऐसी नीतियां बनाने का मार्गदर्शन देना है, जिनसे देश में सामाजिक और आर्थिक न्याय स्थापित हो सके। ये तत्व अदालतों के जरिए सीधे लागू नहीं कराए जा सकते, लेकिन सरकार के लिए शासन संचालन में महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश हैं।