तमिलनाडु के तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी स्थित दीपथून में कार्तिगई दीपम जलाने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन न होने के मामले में मुख्यमंत्री विजय थलपति और उनके मंत्रियों की भूमिका पर सवाल उठाए गए हैं। सुप्रीम कोर्ट में दायर अवमानना याचिका में मांग की गई है कि यह स्पष्ट किया जाए कि मुख्यमंत्री या उनके किसी मंत्री ने आदेश को लागू न करने के लिए कोई निर्देश तो नहीं दिया था।

बार एंड बेंच की रिपोर्ट के अनुसार, यह याचिका उन 11 सरकारी अधिकारियों और मंदिर पदाधिकारियों के खिलाफ अवमानना कार्रवाई की मांग के साथ दायर की गई है, जिन पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश की जानबूझकर अवहेलना का आरोप है। मद्रास हाईकोर्ट में दीप जलाने की मांग को लेकर मूल याचिकाकर्ताओं में शामिल राम रविकुमार ने यह याचिका दायर की है। इसमें तमिलनाडु के मुख्य सचिव को व्यक्तिगत हलफनामा दाखिल कर सरकार के स्तर पर लिए गए फैसलों की जानकारी देने का निर्देश देने की मांग की गई है। याचिका में सरकारी फाइलों पर की गई टिप्पणियों, बैठकों के मिनट्स, खुफिया रिपोर्ट और राजनीतिक नेतृत्व तथा अधिकारियों के बीच इलेक्ट्रॉनिक संवाद से जुड़े दस्तावेज सुरक्षित रखने और अदालत में पेश करने की मांग भी की गई है।

20 नवंबर को जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल पंचोली की पीठ ने मंदिर प्रशासन की ओर से अधिकृत सीमित टीम को 24 नवंबर को दीपथून पर पारंपरिक दीप जलाने की अनुमति दी थी। हालांकि, त्योहार के दिन मद्रास हाईकोर्ट के सामने मदुरै के जिला कलेक्टर और राज्य सरकार की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल शंकरनारायणन के आश्वासन के बावजूद दीप नहीं जलाया गया। याचिका में मंदिर के न्यासी बोर्ड के उस सर्वसम्मत फैसले पर भी सवाल उठाया गया है, जिसमें पारंपरिक स्थान पर दीप जलाने का निर्णय लिया गया था। याचिकाकर्ता का दावा है कि मंदिर के स्थानिकम भट्टारों ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद दीप जलाने को लेकर अपनी ओर से कोई राय देने से इनकार किया था और न्यासी बोर्ड का प्रस्ताव किसी न्यायिक आदेश को निष्प्रभावी नहीं कर सकता।

अवमानना याचिका में HR&CE आयुक्त टीजी विनय, मदुरै के जिला कलेक्टर निशांत कृष्णा, पुलिस आयुक्त एस राजेंद्रन, पुलिस उपायुक्त इनिगो विजय, HR&CE के संयुक्त आयुक्त, मंदिर के कार्यकारी अधिकारी और मंदिर के पांच न्यासियों के नाम शामिल किए गए हैं। याचिकाकर्ता ने अदालत से उन लोगों के खिलाफ स्वत: संज्ञान लेकर आपराधिक अवमानना की कार्रवाई शुरू करने पर विचार करने की मांग की है, जिन्होंने आदेश की अवहेलना को मंजूरी दी, निर्देश दिया या जानबूझकर इसके लिए उकसाया। साथ ही अनुच्छेद 142 के तहत सात दिनों के भीतर दीप जलाने की नई तारीख तय करने का अनुरोध किया गया है। यह याचिका वरिष्ठ अधिवक्ता पी वल्लियप्पन द्वारा तैयार की गई है और अधिवक्ता जी बालाजी के माध्यम से दाखिल की गई है।