देहरादून के व्यस्त राजपुर रोड पर देर रात हुए एक सड़क हादसे में स्कूटी सवार दो युवकों की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार स्कूटी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। एंबुलेंस की मदद से उन्हें मैक्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार 27 नवंबर देर रात सिटी कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि कालसंग रेस्टोरेंट के सामने राजपुर रोड पर स्कूटी सवार दो युवक घायल अवस्था में पड़े हैं। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि घायलों के परिचित उन्हें एंबुलेंस से मैक्स अस्पताल ले जा चुके हैं, जहां डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान 28 वर्षीय शुभम सेमवाल निवासी एकता विहार, माता मंदिर रोड और 35 वर्षीय अंकुर रावत निवासी अजबपुर कलां, नेहरू कालोनी के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही डालनवाला कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। सुरक्षा की दृष्टि से दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी को राजपुर रोड स्थित डैफोडिल्स होटल में खड़ा कराया गया है।
प्रारंभिक जांच में स्कूटी के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है। हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और स्कूटी अनियंत्रित होने की वजह क्या रही, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
