लखनऊ में जिला कचहरी के आसपास बने वकीलों के अवैध चैंबरों पर रविवार सुबह फिर से नगर निगम का बुलडोजर चलेगा। नगर निगम जोन-1 के जोनल अधिकारी ओम प्रकाश सिंह के मुताबिक, सर्वे में चिह्नित 106 अवैध संपत्तियां अभी बची हैं, जिन्हें कोर्ट के आदेश के अनुपालन में ध्वस्त किया जाएगा। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारियों के साथ भारी पुलिस बल, नगर निगम का प्रवर्तन दल और फायर फाइटर्स की टीमें मौके पर तैनात रहेंगी।
इससे पहले 25 अक्टूबर को भी नगर निगम ने जिला कोर्ट परिसर के बाहर वकीलों के चैंबरों पर बुलडोजर चलाया था। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चली उस कार्रवाई में 100 अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए थे। उस दौरान वकीलों ने विरोध प्रदर्शन किया था। अधिवक्ता पहले सड़क पर बोरी बिछाकर बैठे थे और फिर नारेबाजी करते हुए उग्र हो गए थे। गुस्साए वकील ध्वस्तीकरण में लगे एक बुलडोजर को रोककर उसके ऊपर चढ़ गए थे और पहियों के सामने लेट गए थे, जबकि कई महिला वकील कार्रवाई के दौरान रोने लगी थीं।
ध्वस्तीकरण अभियान के खिलाफ अधिवक्ताओं ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में अपील दाखिल की थी, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया था। इससे पूर्व मई से अगस्त के बीच दो अलग-अलग चरणों में 72 अवैध चैंबर तोड़े जा चुके हैं। नगर निगम की ओर से वकीलों को नोटिस जारी करने के बाद मिली 14 आपत्तियों का समाधान भी कर दिया गया था।
यह कार्रवाई पहले 11 अक्टूबर को प्रस्तावित थी, लेकिन आपत्तियों के निस्तारण और न्यायालय में अपील लंबित होने के कारण इसे टाल दिया गया था। अब इसे रविवार सुबह से फिर अंजाम दिया जाएगा।
