मेरठ के उल्देपुर में शनिवार को मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। मेडा सचिव विनय सिंह के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम 10 बुलडोजरों के साथ मौके पर पहुंची। भारी पुलिस बल और पीएसी की मौजूदगी में चार अवैध कॉलोनियों में ध्वस्तीकरण किया गया। कॉलोनियों की सड़कें उखाड़ने के साथ ही प्लाटों की दीवारें और बाउंड्रीवाल तोड़ दी गईं। सीओ सदर देहात भी मौके पर मौजूद रहे।

यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट में अवैध कॉलोनियों के मामले की सुनवाई से पहले की गई। बताया जाता है कि अवैध कॉलोनियों और मार्केट से जुड़े मामले में नौ दिसंबर को कोर्ट में सुनवाई होनी है। कार्रवाई को लेकर शुक्रवार को ही पुलिस और पीएसी की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई थी। पल्लवपुरम, गंगानगर, कंकरखेड़ा, दौराला, लालकुर्ती, इंचौली आदि थाने व पुलिस लाइन से पुलिस फोर्स और पीएसी जवान मौके पर तैनात थे।

कार्रवाई के दौरान बुलडोजरों से कॉलोनियों के अंदर बनी सड़कें उखाड़ दी गईं और प्लाटों की दीवारें तथा बाउंड्रीवाल तोड़ दी गईं। नए निर्माण के लिए मौके पर रखे ईंटों के चट्टों को भी जेसीबी से गिराकर तोड़ा गया। कुछ कॉलोनी बिल्डर और उनके साथियों ने कार्रवाई का विरोध कर सचिव से इसे रुकवाने की मांग की, मगर कार्रवाई नहीं रोकी गई। विरोध कर रहे लोगों का कहना था कि उनके पिलर क्यों तोड़े जा रहे हैं। कार्रवाई सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई, जो शाम तक जारी रही।

मेडा सचिव विनय सिंह ने बताया कि उल्देपुर में अवैध कॉलोनियों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई है, जो पूरे दिन चली। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में चल रहे मामले के संदर्भ में ही यह कार्रवाई की गई है और अवैध कॉलोनियों पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। उल्देपुर क्षेत्र करीब एक महीने पहले भी अवैध कॉलोनियों को लेकर सुर्खियों में आया था, जब सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित आयोग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया था और वीडियोग्राफी भी कराई गई थी।