गुना जिले में शनिवार दोपहर लटेरी-सुठालिया रोड पर नलखेड़ा गांव की पुलिया के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की भिड़ंत में चार लोगों की मौत हो गई। मधुसूदनगढ़ थाना पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वालों में भगवान सिंह सिलावट और धर्मेंद्र नायक शामिल हैं, जो सिरोंज के निवासी थे। दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार महेश पुत्र शंभू चौरसिया और बृजेश यादव मधुसूदनगढ़ के रहने वाले थे।
बताया गया है कि सिरोंज निवासी दोनों युवक काम के सिलसिले में सुठालिया की ओर जा रहे थे, जबकि मधुसूदनगढ़ निवासी दोनों युवक सिरोंज जा रहे थे। इसी दौरान नलखेड़ा पुलिया पर दोनों मोटरसाइकिलों की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और चारों लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में शामिल मोटरसाइकिलों के नंबर MP 08 MW 4476 और MP 40 ZH 9085 बताए गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही मधुसूदनगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधुसूदनगढ़ अस्पताल भिजवाया। थाना प्रभारी गोपाल चौबे ने हादसे में चार लोगों की मौत की पुष्टि की है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की पड़ताल कर रही है।
