मुरादाबाद के दीनदयाल नगर स्थित युवा केंद्र में 26 नवंबर से 5 दिसंबर तक खादी महोत्सव चल रहा है। इसमें 10 राज्यों और 40 जनपदों के कारीगरों ने 130 स्टाल लगाए हैं। खादी उत्पादों पर 20 से 40 प्रतिशत तक और माटी कला व हस्तशिल्प के सामान पर 20 से 30 प्रतिशत तक छूट दी जा रही है। आयोजकों को दस दिन में पांच करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है और पिछले वर्ष के मुकाबले बिक्री में 40 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान है। महोत्सव में प्रतिदिन एक हजार से 1500 लोगों के आने का अनुमान है।

शुक्रवार को महोत्सव के दूसरे दिन करीब छह लाख रुपये की बिक्री हुई। सर्दियों के परिधानों में सदरी, ऊनी लोई, वूलन जैकेट, मफलर, महिलाओं की शाल और कंबलों की मांग अधिक रही। अवध युवा कल्याण ग्रामोद्योग संस्थान के स्टाल संचालक संजू सिंह ने बताया कि संस्थान को 650 रुपये प्रति कंबल की दर से 100 कंबलों का थोक आर्डर मिला है। खादी के कुर्ते 650 से 900 रुपये और मेरिनो ऊन के स्वेटर 600 से 2000 रुपये तक उपलब्ध हैं। छूट के बाद 250 रुपये का तौलिया 175 रुपये, 500 रुपये की योगा मैट 350 रुपये और 1200 रुपये का सूती खेस 840 रुपये में मिल रहा है।

प्रदर्शनी में उत्तराखंड के ऊनी रेडीमेड वस्त्र, जम्मू-कश्मीर के शाल, सूट और सूखे मेवे, राजस्थान की नमकीन, पंजाब की पंजाबी जूती और बिहार के भागलपुर की खादी ग्राहकों को आकर्षित कर रही है। सहारनपुर का लकड़ी का हस्तशिल्प, कन्नौज का इत्र, मेरठ का अचार और भदोही के कालीन भी पसंद किए जा रहे हैं। सिल्क खादी, शुद्ध शहद, जैविक गुड़-शक्कर और मसालों के स्टालों पर भी खरीदार पहुंच रहे हैं। माटी कला और हस्तशिल्प के कारीगर मौके पर उत्पाद बनाकर दिखा रहे हैं। खादी फैशन शो में पारंपरिक और आधुनिक परिधानों का संगम दिखा।

दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े करीब 20 स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने अपने उत्पादों के स्टाल लगाए हैं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर विधायक रितेश गुप्ता की पत्नी कल्पना रितेश गुप्ता और विशिष्ट अतिथि मंडल के उपायुक्त योगेश कुमार शामिल हुए। जिलाधिकारी अनुनय झा ने कहा कि दस राज्यों के कारीगरों, बुनकरों और ग्रामोद्योग उद्यमियों को सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचने का अवसर मिला है। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी सत्यवीर सिंह ने लोगों से स्वदेशी उत्पाद खरीदकर कारीगरों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।