नालंदा के राजगीर में शनिवार को 16 वर्षीय एक किशोरी की हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, किशोरी को राजगीर महोत्सव घुमाने के बहाने घर से लाया गया था और उसका शव राजगीर थाना क्षेत्र के मटिहानी खंधा स्थित एक सुनसान इलाके में मिला। प्रारंभिक जांच में प्रेम-प्रसंग के चलते ऑनर किलिंग की आशंका जताई गई है। मामले में पुलिस ने मृतका की मां और भाई को हिरासत में लिया है, जबकि दो अन्य आरोपित फरार बताए जा रहे हैं।
मृतका की पहचान पावापुरी ओपी क्षेत्र के दशरथपुर गांव निवासी स्व. नायक सिंह की बेटी अंजलि कुमारी के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, शनिवार को उसकी मां निर्मला देवी और भाई नवीन कुमार उसे राजगीर महोत्सव दिखाने के बहाने घर से लेकर आए थे। आरोप है कि दोनों ने पहले से दो अन्य लोगों को मटिहानी खंधा के पास बुला रखा था, जहां किशोरी को सुनसान जगह पर ले जाकर उसके सिर पर डंडे से कई वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
डायल-112 की टीम को मटिहानी खंधा के पास एक नाबालिग का शव पड़े होने की सूचना मिली। इसी दौरान दो लोगों को संदिग्ध स्थिति में वहां से भागते देखा गया, जिन्हें पीछा कर पकड़ लिया गया। पकड़े गए लोगों ने शव की पहचान मृतका को अपनी बेटी और बहन बताया। पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई और मौके से खून लगा एक डंडा बरामद किया।
राजगीर डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में इस वारदात में चार लोगों के शामिल होने की बात सामने आई है। मां और भाई से पूछताछ की जा रही है और फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। उन्होंने बताया कि प्रेम-प्रसंग को हत्या की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पूछताछ के बाद ही हो सकेगा। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से कई संदिग्ध सैंपल एकत्र किए हैं और रिपोर्ट आने के बाद मामले का खुलासा हो सकेगा।
