बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सलियों का एक डंप बरामद किया है। भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में इन्द्रावती नदी के आसपास के जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए इस डंप से 3.84 किलोग्राम सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद मिले हैं। यह कार्रवाई डीआरजी, थाना भैरमगढ़ और बीडीएस टीम के संयुक्त अभियान में हुई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, भैरमगढ़ से लगभग 8 से 10 किलोमीटर दूर इन्द्रावती नदी के पास जंगल में चिन्हित स्थान पर सर्चिंग की गई थी। बीडीएस टीम ने डिमाइनिंग और तलाशी के दौरान जमीन के अंदर छिपाया गया एक स्टील का डिब्बा बरामद किया। डिब्बे में 33 सोने के बिस्किट मिले, जिनमें से प्रत्येक का वजन 10 तोला है। इनकी अनुमानित कीमत करीब चार करोड़ उनतीस लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा टेप से लिपटे पैकेट में 500-500 रुपये के नोटों के बंडल भी मिले।

बरामद नकदी और सोने के संबंध में थाना भैरमगढ़ में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा और सीआरपीएफ के संयुक्त प्रयासों से लगातार की जा रही कार्रवाई के परिणामस्वरूप बीजापुर जिले के विभिन्न स्थानों से अब तक कुल आठ करोड़ चौबीस लाख तैतीस हजार तीन सौ रुपये नकद और 12.34 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका है।