सिवान जिले में कृषि योग्य भूमि के समतलीकरण के लिए 898 एकड़ क्षेत्रफल की स्वीकृति दी गई है। जिला कृषि पदाधिकारी आलोक कुमार के अनुसार यह कार्य लेजर लैंड लेवलर मशीन से कराया जाएगा। योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ 2400 रुपये की दर से अनुदान मिलेगा, जो डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खाते में भेजा जाएगा।

समतलीकरण के लिए खरीफ फसल की कटाई के बाद तथा रबी फसल की बोआई से पहले का समय निर्धारित किया गया है। योजना का लाभ प्रत्यक्षण कार्यक्रम के तहत त्रि-फसली प्रणाली यानी धान-सरसों-मूंग की खेती के लिए चयनित किसानों को ही मिलेगा।

कार्य पूरा होने के बाद खेत की जीओटैग फोटो डीबीटी पोर्टल पर इंस्पेक्शन मोबाइल एप के जरिए अपलोड करना अनिवार्य होगा। पंचायत स्तर पर नामित नोडल पदाधिकारी पहला सत्यापन कर प्रखंड कृषि पदाधिकारी को अग्रसारित करेंगे। गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रखंड, अनुमंडल और जिला स्तर पर तीन स्तरों पर निरीक्षण होगा। जिला कृषि पदाधिकारी के निरीक्षण और सत्यापन के बाद अनुदान का भुगतान किया जाएगा।

भूमि समतलीकरण से खेतों में सिंचाई का पानी समान रूप से पहुंचेगा, जिससे खेती की लागत कम होने और उत्पादन बढ़ने की उम्मीद है।