सोनभद्र पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण रोकने के लिए शनिवार को नगर के बढ़ौली चौराहे पर कार्रवाई की। यहां करीब 500 से अधिक प्रेशर हॉर्न, हूटर और साइलेंसर बैकहोलोडर से नष्ट कराए गए। पुलिस ने वाहनों की जांच के दौरान चालकों को चेतावनी दी कि वे ऐसे उपकरणों का उपयोग न करें, वरना कार्रवाई जारी रहेगी। चौराहे पर कार्रवाई देखने के लिए लोगों की भीड़ भी जुटी रही।

जनपद में ट्रक सहित छोटे-बड़े वाहनों के चालक प्रेशर हॉर्न और हूटर का इस्तेमाल कर रहे थे, जबकि बाइक और बुलेट में साइलेंसर लगाए जा रहे थे। इससे ध्वनि प्रदूषण हो रहा था और राहगीरों को तेज आवाज से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। जनपद पुलिस और यातायात पुलिस इस पर लगातार कार्रवाई कर रही है। लोढ़ी टोल प्लाजा के पास करीब तीन माह पूर्व भी ऐसी कार्रवाई की गई थी।

सीओ यातायात सुधीर सिंह और सीओ नगर रणधीर मिश्रा ने कहा कि यह कार्रवाई यातायात नियमों का पालन कराने और लोगों को ध्वनि प्रदूषण से राहत दिलाने के लिए की गई है। दोनों अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि अपने वाहनों में प्रेशर हॉर्न, हूटर और मानक के विपरीत साइलेंसर का प्रयोग न करें। ऐसा करते पाए जाने पर संबंधित वाहन स्वामियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई के दौरान यातायात निरीक्षक नरेंद्र कुमार सिंह, उप निरीक्षक तीरथराज समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। पूरी कार्रवाई की निगरानी भी की गई और वीडियो रिकॉर्डिंग को सोशल मीडिया में साझा कर लोगों से अपील की गई कि वे वाहनों पर ऐसे उपकरण न लगाएं।