गुरुग्राम के राजीव गांधी पार्क में दिव्यांगों के लिए ओपन जिम स्थापित किया जाएगा। नगर परिषद इस पर करीब 22 लाख रुपये खर्च करेगी। जिम में 10 से 12 व्यायाम उपकरण लगाए जाएंगे, जिनकी मदद से दिव्यांग अपनी शारीरिक क्षमता के अनुसार व्यायाम कर सकेंगे।

नगर परिषद ने दिसंबर के अंत तक जिम स्थापित करने का लक्ष्य रखा है, ताकि नए वर्ष से दिव्यांगों को इसकी सुविधा मिल सके। जिम स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

नगर परिषद में कार्यरत एसडीओ संदीप राठी के अनुसार दिव्यांगों के लिए ओपन जिम स्थापित करने की पहल शुरू कर दी गई है। इस कार्य पर करीब 22 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे और जिम में 10 से 12 उपकरण लगाए जाएंगे। दिसंबर के अंत तक काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि नए वर्ष से दिव्यांगों को व्यायाम की सुविधा मिल सके।

इस पहल से दिव्यांगों को नियमित व्यायाम के लिए सार्वजनिक स्थान पर सुविधा मिल सकेगी। अभी शारीरिक अभ्यास और थैरेपी के लिए उन्हें कई बार निजी केंद्रों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे आर्थिक बोझ भी उठाना पड़ता है। पार्क में जिम बनने से उन्हें अलग-अलग स्थानों पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और नियमित शारीरिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।