दिल्ली कैंट बोर्ड क्षेत्र में अब चार मंजिला आवासीय भवन बनाए जा सकेंगे। नए बिल्डिंग बायलॉज-2026 के तहत भवन की ऊंचाई की सीमा बढ़ाकर 15 मीटर की गई है, जबकि स्टील्ट पार्किंग बनाने पर यह 16 मीटर तक हो सकती है। अधिकारियों के अनुसार बायलॉज-2002 में 11 मीटर यानी तीन मंजिला तक ही निर्माण की अनुमति थी।

नए बायलॉज में आवासीय भवनों पर FAR की सीमा भी बढ़ाकर 225 कर दी गई है। पुराने बायलॉज में छोटे और मध्यम आवासीय प्लॉटों के लिए यह सीमा 100 से 180 के बीच थी। अधिकारियों के मुताबिक छोटी बिल्डिंगों के लिए FAR अधिक रखा गया है। मार्केट एरिया में 60-175 वर्ग मीटर के दुकान-सह-मकान प्लॉट पर 100 प्रतिशत ग्राउंड कवरेज की छूट दी गई है।

दिल्ली कैंट बोर्ड क्षेत्र को सिविल और नॉन-सिविल एरिया हटाकर दो जोन में बांटा गया है। बोर्ड के CEO रॉबिन बलेजा के अनुसार नया बिल्डिंग बायलॉज नोटिफाई करने के लिए रक्षा मंत्रालय को भेज दिया गया है और जल्द ही इसे नोटिफाइड कर दिया जाएगा।

अधिकारियों के मुताबिक पुराने बायलॉज में छोटे प्लॉटों पर निर्माण को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं थी, जिसे नए बायलॉज में साफ कर दिया गया है। 50 मीटर से छोटे प्लॉट पर भवन निर्माण नहीं किया जा सकेगा। वहीं, आवासीय भवनों पर रूफ टॉप सोलर पावर प्लांट और रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने पर दिल्ली कैंट बोर्ड कुल डिवेलपमेंट चार्ज का 50 प्रतिशत तक प्रोत्साहन राशि के रूप में रिफंड देगा।