उत्तर पश्चिमी और पश्चिमी दिल्ली में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए सिरसपुर और हस्तसाल में बन रहे दो अस्पताल अगले वर्ष शुरू होने की उम्मीद है। इन दोनों अस्पतालों में कुल 1,815 बेड होंगे और निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को दिल्ली सचिवालय में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाएं तय समय सीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री के अनुसार सिरसपुर में 1,164 बेड का अस्पताल तैयार हो चुका है और चिकित्सा उपकरणों की खरीद प्रक्रिया जनवरी के अंत तक पूरी करने का लक्ष्य है। हस्तसाल में 651 बेड के अस्पताल का निर्माण भी लगभग पूरा होने को है, जिसे अगले वर्ष शुरू किया जाएगा।

दिल्ली में कुल 1,139 आयुष्मान आरोग्य मंदिर विकसित करने का लक्ष्य है, जिनमें से 415 केंद्र शुरू हो चुके हैं। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर अगले महीने 40 नए आरोग्य मंदिर शुरू करने का लक्ष्य है। अधिक मरीजों वाले आरोग्य मंदिरों में दो पारियों में सेवा शुरू करने की योजना पर काम चल रहा है।

समीक्षा में बताया गया कि वर्ष 2028 तक मादीपुर और ज्वालापुरी में भी 691-691 बेड के अस्पताल तैयार हो जाएंगे। मादीपुर अस्पताल 466.50 करोड़ रुपये और ज्वालापुरी अस्पताल 484.04 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे हैं। पुराने अस्पतालों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है। रोहिणी स्थित बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल में 463 बेड का मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य ब्लॉक बन रहा है और ओपीडी ब्लॉक उद्घाटन के लिए तैयार है। राव तुला राम मेमोरियल अस्पताल में 270 बेड का और लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल, खिचड़ीपुर में 460 बेड का मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य ब्लॉक लगभग पूरा हो चुका है। लोकनायक अस्पताल और मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज परिसर के एकीकृत पुनर्विकास की योजना पर भी काम चल रहा है।

यमुनापार के गुरु तेग बहादुर अस्पताल, राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट और मानव व्यवहार एवं संबद्ध विज्ञान संस्थान को एक संस्थागत ढांचे के अंतर्गत लाने का कार्य जारी है। इंदिरा गांधी अस्पताल, द्वारका और गुरु गोबिंद सिंह सरकारी अस्पताल में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की योजना है, जिनमें 150-150 एमबीबीएस सीटें प्रस्तावित हैं। बाबा साहेब अंबेडकर मेडिकल कॉलेज में सीटें 125 से बढ़ाकर 200 और मौलाना आजाद दंत विज्ञान संस्थान में 50 से बढ़ाकर 70 करने की प्रक्रिया चल रही है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ पंकज कुमार सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग सभी परियोजनाओं की नियमित निगरानी कर रहा है।