नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने लगातार उड़ानें रद्द होने, देरी और ऑपरेशनल गड़बड़ियों के मामले में स्पाइसजेट को शो-कॉज नोटिस जारी किया है। 17 नवंबर को जारी इस नोटिस में एयरलाइन से 7 दिनों के भीतर जवाब देने को कहा गया है। DGCA के अनुसार, कंपनी की समय पर उड़ान संचालन की स्थिति लगातार बिगड़ रही है, जिससे यात्रियों को परेशानी हो रही है। एयरलाइन तय शेड्यूल का पालन करने और यात्रियों को जरूरी सुविधाएं देने में भी नाकाम रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्पाइसजेट के बेड़े में अब सिर्फ 12 से 13 विमान बचे हैं, जिनमें से 10 से भी कम उड़ान भरने की स्थिति में हैं। लीज पर विमान देने वाली कंपनियों को भुगतान न हो पाने के कारण कई विमान बेड़े से हटाए गए या ग्राउंडेड हैं। पिछले नौ महीनों में कंपनी का बाजार हिस्सा 3.9% से घटकर 0.6% रह गया है, जबकि अगस्त और सितंबर में स्पाइसजेट की हर पांच में से एक उड़ान रद्द हुई।
DGCA ने आठ मामलों में कंपनी से जवाब मांगा है। इनमें 2026 में छोटे और दूरदराज के शहरों के लिए तय संख्या में उड़ानें न चलाना, विदेशों के लिए नियमित उड़ानों के जरूरी नियमों का पालन न करना, समय पर उड़ान भरने की दर (OTP) का लगातार घटना, मंजूरी के मुताबिक उड़ानें न चलाना और यात्रियों की मदद के लिए पर्याप्त इंतजाम न करना शामिल है। नोटिस में 11 मई 2026 को लगाया गया जुर्माना कई बार याद दिलाने के बावजूद न भरने और जरूरी बीमा का रिन्यूअल न करने का भी जिक्र है। विदेशी विमानन एजेंसियों ने भी स्पाइसजेट की उड़ानों में गड़बड़ी पर चिंता जताई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एयरलाइन जितनी उड़ानों की बुकिंग ले रही है, उनमें से आधी भी नहीं चला पा रही है।
DGCA के सितंबर के आंकड़ों के अनुसार, स्पाइसजेट की 20% से ज्यादा निर्धारित उड़ानें रद्द हुईं और सिर्फ 16.6% फ्लाइट्स ने समय पर उड़ान भरी। इस दौरान करीब 36 हजार यात्रियों को दो घंटे से ज्यादा की देरी का सामना करना पड़ा, जबकि 21,700 यात्री उड़ानें रद्द होने से प्रभावित हुए। BSE पर कंपनी का शेयर करीब 5% गिरकर 9.74 रुपए पर आ गया और BSE ने भी DGCA के नोटिस को लेकर स्पाइसजेट से स्पष्टीकरण मांगा है। नोटिस जारी होने के अगले दिन 18 नवंबर को कंपनी के बोर्ड ने अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए 5,500 करोड़ रुपए तक जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी।
स्पाइसजेट पर दुबई की ग्राउंड हैंडलिंग कंपनी डीएनाटा (Dnata) का करीब 35.8 करोड़ रुपये बकाया है। भुगतान न मिलने पर कंपनी ने पिछले हफ्ते चेक-इन सेवाएं रोक दी थीं, जिसके चलते दुबई से आने-जाने वाली चार उड़ानें रद्द करनी पड़ीं।
