प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के जालंधर जोनल कार्यालय ने 17 नवंबर को अनंतिम कुर्की आदेश जारी करते हुए व्यूनाउ ग्रुप से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग जांच में करीब 39.73 करोड़ रुपये मूल्य की चल और अचल संपत्तियां अस्थायी रूप से कुर्क की हैं। यह आदेश धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 की धारा 5(1) के तहत जारी किया गया है।
कुर्क संपत्तियों में लगभग 39.29 करोड़ रुपये मूल्य की 61 अचल संपत्तियां (फ्लैट, आवास, कमर्शियल प्लॉट आदि) और बैंक खातों में जमा करीब 44.31 लाख रुपये की राशि शामिल है। ये संपत्तियां व्यूनाउ इन्फोटेक प्राइवेट लिमिटेड तथा अपराध से प्राप्त धन के हेरफेर और उपयोग से जुड़े अन्य व्यक्तियों व संस्थाओं के नाम पर हैं। इनमें वे संपत्तियां भी शामिल हैं जिनकी पहचान अपराध से प्राप्त धन के रूप में की गई है।
ईडी ने यह जांच गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) के सेक्टर 58 पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर और विभिन्न राज्यों में दर्ज अन्य मामलों के आधार पर शुरू की थी। जांच व्यूनाउ ग्रुप की 'माईक्लाउडपार्टिकल' पेशकश से जुड़ी है, जिसमें निवेशकों को 'सेल-एंड-लीज-बैक' मॉडल के जरिए डेटा-सेंटर एसेट्स या 'क्लाउड पार्टिकल्स' खरीदने के लिए आमंत्रित किया गया था और 120 महीनों तक निश्चित मासिक किराये का वादा किया गया था। जांच के अनुसार, निवेशकों को बताई गई डेटा-स्टोरेज क्षमता सर्वरों की वास्तविक क्षमता से कहीं अधिक थी। 'क्लाउड पार्टिकल्स' के नाम पर निवेशकों से 3,717 करोड़ रुपये जुटाए गए, जबकि कंपनी के पास ऐसी कोई सुविधा कभी नहीं थी। कंपनी ने शुरुआती निवेशकों को 1,800 करोड़ रुपये लौटाए, लेकिन बाकी करीब 1,917 करोड़ रुपये कहीं और भेज दिए गए। इस तरह निवेशकों को न रिटर्न मिला और न ही उनका निवेश किया गया पैसा वापस मिला।
इससे पहले जांच एजेंसी ने इस मामले में सुखविंदर सिंह खरौर, डिंपल खरौर और आरिफ निसार को गिरफ्तार किया था। पिछली कार्रवाई में करीब 178.12 करोड़ रुपये और 19.1 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई थी। 24 अप्रैल 2025 को जालंधर की विशेष अदालत में इनके और इनसे जुड़ी इकाइयों के खिलाफ अभियोजन शिकायत दायर की गई थी। मौजूदा कार्रवाई में कुर्क संपत्तियां पहले की गई कुर्की से अलग हैं। अब तक ईडी कुल 236.95 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर चुका है।