एटा में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत दूसरी शादी करने पहुंचे एक युवक के खिलाफ उसकी पहली पत्नी ने डीएम से शिकायत की है। महिला का आरोप है कि पति ने बिना तलाक दिए यह कदम उठाया, जिसके बाद शादी रुकवा दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अलीगंज थाना क्षेत्र के चमन नगरिया गांव निवासी सोनी ने बताया कि उसकी शादी 14 नवंबर 2021 को मारहरा थाना क्षेत्र के मीरा सराय गांव निवासी आकाश के साथ हुई थी। सोनी का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति उसके साथ मारपीट करता था और इसको लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा है। मामला करीब तीन साल से न्यायालय में विचाराधीन है और अभी दोनों का तलाक नहीं हुआ है।
महिला का आरोप है कि शनिवार को उसका पति आकाश मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत मिलने वाली एक लाख रुपये की धनराशि का लाभ लेने के लिए दूसरी शादी करने पहुंच गया। जानकारी होने पर उसने विरोध किया, जिसके बाद शादी रुकवा दी गई। दूल्हे के पकड़े जाने के बाद दुल्हन को भी मायूस होकर लौटना पड़ा।
सोमवार को डीएम कार्यालय पहुंची महिला ने पति आकाश, ससुर राकेश बाबू, सास जावित्री, ननद खुशी, दूसरी शादी करने वाली युवती शिवानी और उसके पिता कमल सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। महिला का आरोप है कि उसने पहले थाने में शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने बिना कार्रवाई किए पति को छोड़ दिया। डीएम एम. अरुन्मोली ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं कोतवाली नगर प्रभारी धर्मेंद्र पवार ने बताया कि सोमवार को थाने पर शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है और पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
