हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एंड एसीबी) ने फरीदाबाद के धौज थाने में तैनात पीएसआई प्रदीप कुमार को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह एक मुकदमे में शिकायतकर्ता के परिवार के सदस्यों को परेशान न करने के बदले अतिरिक्त रिश्वत मांग रहा था।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, आरोपित इससे पहले भी उससे 28 हजार रुपये ले चुका था। एसीबी को शिकायत देने वाले व्यक्ति के खिलाफ धौज थाने में मुकदमा दर्ज है, जिसमें सब इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार जांच अधिकारी के रूप में तैनात था। आरोप है कि उसने शिकायतकर्ता से परिवार के सदस्यों को मामले में परेशान न करने की एवज में 25 हजार रुपये की अतिरिक्त रिश्वत मांगी थी।

शिकायत के आधार पर एसवी एंड एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की और सब इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में एसवी एंड एसीबी यूनिट पलवल के प्रभारी इंस्पेक्टर राजकुमार ने ट्रैप का नेतृत्व किया।