फरीदाबाद के भूपानी कालोनी में 18 वर्षीय आदित्य ने आईफोन की जिद पूरी न होने पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसकी विधवा मां का कहना है कि वह 28 नवंबर को उसके जन्मदिन पर आईफोन देकर सरप्राइज देना चाहती थी, इसलिए उसने बेटे से कहा था कि अभी पैसे नहीं हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शुरुआती जांच में हत्या की आशंका नहीं जताई गई है, जबकि युवक के चाचा ने विस्तृत जांच की मांग की है।
फरीदाबाद की भूपानी कालोनी में रहने वाले 18 वर्षीय आदित्य ने आईफोन दिलाने की जिद पूरी न होने पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह अपनी विधवा मां का इकलौता बेटा था। परिवार के अनुसार आदित्य के पिता की साल 2016 में हत्या हो गई थी और उसकी पढ़ाई भी छूट गई थी। मां ने उसकी बेहद लाड-प्यार से परवरिश की थी।
मां का कहना है कि कुछ महीने पहले ही उन्होंने आदित्य को 52 हजार रुपये का एंड्रायड फोन दिया था, लेकिन 18 अक्टूबर को उसका मोबाइल खो गया। इसके बाद वह आईफोन दिलाने की जिद कर रहा था। मां ने उसे अपना मोबाइल दे दिया था और जन्मदिन पर आईफोन देकर सरप्राइज देने की योजना बनाई थी, इसलिए जब भी वह आईफोन के लिए कहता तो वह यह कह देती थीं कि अभी पैसे नहीं हैं। इसी बात से नाराज होकर बुधवार शाम आदित्य ने कमरे में फांसी लगा ली।
पुलिस का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया गया है। आदित्य के चाचा राजकुमार ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की विस्तृत जांच की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में ऐसी आशंका नहीं है और मामले की जांच की जा रही है।
