फर्रुखाबाद के मेजर एसडी सिंह पीजी आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में बीएएमएस द्वितीय वर्ष के छात्र हरिओम सिंह ने वाई-फाई के तार से पंखे पर बने फंदे से लटककर जान दे दी। सहपाठियों ने दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा और अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है और साइबर धोखाधड़ी की आशंका भी जताई जा रही है।

आगरा के थाना गुरुगोविंद नगर के मुहल्ला उखरा मार्ग राजपुर चुंगी निवासी श्यामपाल सिंह का 25 वर्षीय पुत्र हरिओम सिंह इटावा-बरेली हाईवे पर बैकुंठपुरी स्थित मेजर एसडी सिंह पीजी आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज में बीएएमएस द्वितीय वर्ष का छात्र था। वह हॉस्टल के कमरा नंबर 304 में अपने साथी शौर्य दीक्षित के साथ रहता था। शनिवार को उसने तबीयत खराब होने की बात कहकर क्लास नहीं ली। दोपहर करीब 12.45 बजे शौर्य क्लास से लौटा तो कमरा अंदर से बंद था। दरवाजा न खुलने पर खिड़की से देखा तो हरिओम पंखे से लटक रहे थे। इसकी सूचना वार्डन हरगोविंद पाराशर और अन्य साथियों को दी गई। वार्डन और शौर्य ने दरवाजा तोड़कर चाकू से केबल काटकर उसे नीचे उतारा। पहले उसे कालेज के चिकित्सक कक्ष ले जाया गया, फिर बाइक से दोपहर करीब 1.15 बजे डा. राममनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डा. दीपक तिवारी ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सीओ सिटी अभय वर्मा, मऊदरवाजा थानाध्यक्ष रामसहाय और फोरेंसिक टीम ने मेडिकल कालेज जाकर जांच की। पुलिस ने हरिओम के दो मोबाइल कब्जे में लिए हैं। कुछ छात्रों के अनुसार हरिओम ने चार हजार रुपये नकद देकर अपने खाते में ऑनलाइन रुपये डलवाए थे और उस दौरान वह काफी परेशान दिख रहा था, जिससे साइबर अपराध में फंसने की आशंका जताई जा रही है। शाम करीब साढ़े पांच बजे छात्र के भाई धर्मवीर और स्वजन अस्पताल पहुंचे। स्वजन का कहना था कि उन्हें मौत की सूचना नहीं दी गई और साइबर धोखाधड़ी की बात कही गई। भाई धर्मवीर ने कालेज की प्रिंसिपल डा. नीतूश्री और वार्डन पर लापरवाही के आरोप लगाए।

प्रिंसिपल डा. नीतूश्री ने बताया कि शुक्रवार को हरिओम फुटबाल खेलते समय चोटिल हो गया था, इस कारण वह क्लास नहीं गया। उन्होंने कहा कि हॉस्टल के कमरे में सुबह नौ बजे के बाद किसी छात्र को रुकने की अनुमति नहीं होती और ऐसा होने पर वार्डन व स्टाफ को प्रिंसिपल को जानकारी देनी होती है, लेकिन हरिओम के कमरे में रुकने की सूचना किसी ने नहीं दी। प्रिंसिपल ने इसे वार्डन व अन्य कर्मचारियों की लापरवाही बताते हुए जांच कराने की बात कही। वार्डन हरगोविंद पाराशर ने बताया कि डेढ़ माह पहले ही उनकी हॉस्टल में तैनाती हुई है और जानकारी न देने के सवाल पर वे चुप्पी साध गए। मऊदरवाजा थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पता चल सकेगा और मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।