फिरोजाबाद के नारखी क्षेत्र के गांव कपावली ठार में एक महिला की गला घोंटकर हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ममेरा देवर महिला पर काफी समय से घर से भागने का दबाव बना रहा था। शुक्रवार रात घर आए आरोपी का महिला से झगड़ा हुआ, जिसके बाद उसने कथित तौर पर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी और रसोई में शव छोड़कर फरार हो गया। शनिवार सुबह पति घर लौटा तो पत्नी का शव रसोई में पड़ा मिला। पुलिस ने पति की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में दो टीमें लगाई गई हैं।

कपावली ठार निवासी गौरव शुक्रवार को एक शादी समारोह में सजावट का काम करने गए थे, जबकि उनकी मां अपने मायके गई हुई थीं। घर में उनकी 24 वर्षीय पत्नी तनू शर्मा अपनी तीन बेटियों के साथ थीं। शनिवार सुबह करीब पांच बजे गौरव घर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने के बाद छह वर्षीय बेटी सौम्या ने दरवाजा खोला। अंदर जाने पर गौरव ने रसोई में पत्नी का शव पड़ा देखा। शव के गले और चेहरे पर चोट के निशान और नाखूनों के निशान थे। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच की।

बेटी सौम्या ने स्वजन को बताया कि शुक्रवार रात सिरसागंज के गांव गुड़िया टिकुर निवासी ममेरा देवर रोहित घर आया था और उसका मां से झगड़ा हुआ। रोहित ने उसे, तीन वर्षीय परी और तीन माह की बहन आराध्या के साथ कमरे में सोने के लिए भेज दिया था। गौरव ने पुलिस को बताया कि उनकी शादी वर्ष 2020 में हुई थी और कुछ समय बाद से रोहित उनकी पत्नी को परेशान कर रहा था। आरोप है कि वह पत्नी पर घर से भागने के लिए दबाव बनाता था और फोन करके परेशान करता था।

पति की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया है। महिला के फोन की सीडीआर जांच में दोनों के बीच बात होने की बात सामने आई है। इंस्पेक्टर नारखी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपी की तलाश में दो टीमें दबिश दे रही हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा। पोस्टमार्टम के बाद तनू का शव शनिवार शाम को घर पहुंचा, जहां सुरक्षा के लिहाज से पुलिसकर्मी तैनात थे और स्वजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इधर, गांव में रहने वाले 24 वर्षीय एक युवक ने कथित तौर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। ग्रामीणों में इस घटना को महिला की हत्या से जोड़कर चर्चाएं शुरू हो गईं, हालांकि पुलिस ने इसे महिला हत्या से जोड़ने से इनकार किया है। इंस्पेक्टर के अनुसार युवक ने नशे की हालत में आत्महत्या की है और उसका महिला की हत्या से कोई लेनादेना नहीं है।