फिरोजाबाद के एक गांव में शादी के दिन दूल्हा अपनी प्रेमिका के साथ फरार हो गया, जिससे दुल्हन बरात का इंतजार करती रह गई और शादी टूट गई। मामले में थाने में पंचायत हुई और वर पक्ष ने शादी का खर्च लौटाने पर सहमति जताई।
फिरोजाबाद। थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती का विवाह एटा के एक गांव निवासी युवक के साथ तय हुआ था। बुधवार को शादी होनी थी, लेकिन देर शाम तक बरात नहीं पहुंची। कन्या पक्ष के लोगों को चिंता हुई तो दुल्हन के पिता ने वर पक्ष से संपर्क किया, जिस पर उन्होंने बरात लाने से मना कर दिया। इधर, दुल्हन हाथों में मेहंदी लगाए और लाल जोड़े में बरात आने का इंतजार करती रही।
रात में दुल्हन के पिता ने थाने पहुंचकर दहेज की मांग करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। गुरुवार को गांव में पंचायत हुई, जिसमें लड़का पक्ष ने बताया कि दूल्हा अपनी मौसी की बेटी को लेकर चला गया है, इस कारण बरात नहीं आ सकी। बताया गया कि दूल्हे के छोटे भाई ने कोर्ट मैरिज कर ली है, जबकि सबसे छोटा भाई मानसिक रूप से कमजोर है, ऐसे में दुल्हन ने उसके साथ शादी करने से मना कर दिया।
ग्राम प्रधान के अनुसार, वर पक्ष शादी में हुए खर्च की भरपाई करने को तैयार हो गया है। दुल्हन के परिवार की सहमति से उसके लिए दूसरे वर की तलाश की जा रही है। सीओ प्रेमप्रकाश पांडेय ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।
